Ujjain Mahankal Mandir : उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन (Ujjain) में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर (Mahakaleshwar Jyotirlinga Temple) के बाहर माला बेच रही एक युवती पर उसके ही पिता ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे आसपास मौजूद लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल युवती की पहचान वर्षा पारदी (18) के रूप में हुई है। वह महेश्वर जेल रोड क्षेत्र की रहने वाली है और फिलहाल कार्तिक मेला ग्राउंड इलाके में अपनी मां के साथ रहती है। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
Petrol Diesel Price Hike : अब नहीं बढ़ेंगी पेट्रोल-डीजल की कीमते! रूस से तेल खरीदेगा भारत
मंदिर के बाहर हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह महाकाल घाटी क्षेत्र में युवती की मां और उसके पिता के परिवार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष सड़क पर आमने-सामने आ गए।
इसी दौरान आरोपी पिता वर्षना वहां पहुंचा और गुस्से में आकर अपनी ही बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। उसने युवती की पीठ और जांघ पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवती को चरक मेडिकल (Charak Hospital) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। फिलहाल उसकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
16 साल पहले छोड़ गया था परिवार
परिजनों के अनुसार आरोपी पिता करीब 16 साल पहले परिवार को छोड़कर चला गया था और उसने दूसरी शादी कर ली थी। युवती की मां माना बाई का कहना है कि उन्होंने ही अकेले अपनी बेटी का पालन-पोषण किया है।
शादी को लेकर हुआ विवाद
माना बाई ने आरोप लगाया कि आरोपी पिता अचानक वहां आया और बेटी की शादी कराने की बात करने लगा। उनका कहना है कि वह पैसों के लालच में बेटी की शादी करना चाहता था और इसके बदले करीब 5 लाख रुपए लेने की बात कर रहा था।
युवती का आरोप- बेचने की बात कही
घायल वर्षा ने भी आरोप लगाया कि उसके पिता एक रिश्तेदार के साथ आए थे और कह रहे थे कि उसकी शादी नहीं करेंगे बल्कि उसे 5 लाख रुपए में बेच देंगे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में आकर उन्होंने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि पुलिस टीम अस्पताल पहुंच चुकी है और युवती के बयान लिए जाएंगे। बयान और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।