Belagavi Shri Renuka Yellamma Temple Donations : बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी जिले में स्थित प्रसिद्ध श्री रेणुका यल्लम्मा मंदिर (Shri Renuka Yellamma Temple) में श्रद्धालुओं की आस्था एक बार फिर देखने को मिली है। मंदिर की दान पेटियों की गिनती के दौरान कुल 3.07 करोड़ रुपये का चढ़ावा सामने आया है। इसमें बड़ी मात्रा में नकद राशि के साथ-साथ सोने और चांदी के आभूषण भी शामिल हैं।
मंदिर प्रशासन के अनुसार दान पेटियों में जमा राशि की गिनती 9 मार्च से 12 मार्च के बीच की गई। यह काम मंदिर के कर्मचारियों और छात्रों की मदद से पूरा किया गया। लगातार कई घंटों तक चलने वाली इस गिनती में शामिल लोग नोट गिनते-गिनते थक गए।
दान में नकद के साथ सोना-चांदी भी
मंदिर प्रशासन के मुताबिक कुल संग्रह में 2.78 करोड़ रुपये नकद मिले हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने आस्था के रूप में सोने और चांदी के आभूषण भी चढ़ाए हैं।
दान में करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 16.16 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा लगभग 4 किलो 547 ग्राम चांदी के आभूषण दानपेटी में मिले हैं, जिनकी कीमत लगभग 12.35 लाख रुपये है। इस तरह कुल मिलाकर मंदिर को 3.07 करोड़ रुपये का दान प्राप्त हुआ।
चार दिन तक चली गिनती
दान की राशि इतनी अधिक थी कि इसे गिनने में चार दिन का समय लग गया। गिनती के दौरान नोटों को अलग-अलग ढेर में रखा गया और सिक्कों व आभूषणों की गिनती अलग से की गई।
गिनती के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें दर्जनों लोग लंबी मेजों पर बैठकर नोटों की गिनती करते दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में कर्मचारी तसलों में नोट भरकर उन्हें अलग-अलग जगह पर रख रहे हैं।
बेलगावी के सवदत्ती तालुक में स्थित है मंदिर
श्री रेणुका यल्लम्मा मंदिर (Shri Renuka Yellamma Temple) कर्नाटक के बेलगावी जिले के सवदत्ती तालुक के बाहरी इलाके में स्थित है। यह मंदिर दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक माना जाता है। यहां हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार दान भी करते हैं।
मंदिर प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की आस्था की वजह से हर साल दान की राशि में बढ़ोतरी देखने को मिलती है। इस बार भी मंदिर में रिकॉर्ड चढ़ावा आने से प्रशासन और भक्तों में उत्साह का माहौल है।