India vs USA T20 World Cup 2026 : आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत आज यानी 7 फरवरी से हो रही है। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की सहमेजबानी में खेला जाएगा। इस बार वर्ल्ड कप में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले ही क्रिकेट से ज्यादा चर्चा ऑफ-फील्ड राजनीति और विवादों को लेकर हो रही है।
पहले दिन खेले जाएंगे तीन मुकाबले
टी20 वर्ल्ड कप के पहले दिन कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच सुबह 11 बजे पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच कोलंबो में होगा। दूसरा मुकाबला दोपहर 3 बजे वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। वहीं तीसरा और सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला मैच शाम 7 बजे भारत और अमेरिका के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा।
भारत को लगा बड़ा झटका
भारत अपने पहले मुकाबले में अमेरिका से भिड़ेगा, लेकिन इससे पहले टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बीमार हैं और वह इस मैच में नहीं खेलेंगे। उन्हें वायरल बुखार है और टीम मैनेजमेंट ने उन्हें आराम देने का फैसला किया है। बुमराह मैच से एक दिन पहले मैदान पर तो पहुंचे, लेकिन उन्होंने अभ्यास नहीं किया।
मोहम्मद सिराज को मिल सकता है मौका
बुमराह के न खेलने की स्थिति में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। सिराज को हाल ही में टीम में शामिल किया गया था, क्योंकि तेज गेंदबाज हर्षित राणा वार्मअप मैच के दौरान चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।
इशान किशन करेंगे ओपनिंग
भारतीय टीम में इशान किशन अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। इशान ने वार्मअप मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ओपनर के रूप में 53 रन बनाए थे। संजू सैमसन के फॉर्म में न होने के कारण टीम मैनेजमेंट ने इशान पर भरोसा जताया है।
भारत सबसे मजबूत दावेदार
डिफेंडिंग चैंपियन भारत को इस वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया काफी संतुलित नजर आ रही है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि भारत को हराने के लिए किसी भी टीम को असाधारण प्रदर्शन करना होगा, जबकि भारत की हार को बड़ा उलटफेर माना जाएगा।
बांग्लादेश और पाकिस्तान से जुड़ा विवाद
वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले बांग्लादेश और पाकिस्तान से जुड़े विवादों ने माहौल गरमा दिया है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों और तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान के आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट विवाद को लेकर भारत में खेलने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पाकिस्तान ने भी बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया, जिसे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी सही ठहराया।
अन्य दावेदार टीमें
भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड और श्रीलंका को भी खिताब का दावेदार माना जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी मजबूत है लेकिन तेज गेंदबाजी थोड़ी कमजोर दिख रही है। इंग्लैंड की टीम आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती है।
साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी सबसे खतरनाक मानी जा रही है, जबकि न्यूजीलैंड उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में ढल चुका है। श्रीलंका घरेलू मैदान का फायदा उठा सकता है।
एसोसिएट टीमों पर भी रहेंगी नजरें
एसोसिएट टीमों में नेपाल सबसे ज्यादा चर्चा में है। दीपेंद्र सिंह ऐरी पर सभी की नजरें रहेंगी, जिन्होंने 9 गेंदों में अर्धशतक का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इसके अलावा अमेरिका और इटली जैसी टीमें भी इस वर्ल्ड कप में नई कहानियां लिखने की कोशिश करेंगी।
T20 World Cup 2026: ICC ने बांग्लादेश को दिया अल्टीमेटम कहा – भारत में ही खेलो, नहीं तो अंक कटेंगे
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अमेरिका के खिलाफ मैच में भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन में अभिषेक शर्मा, इशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज शामिल हो सकते हैं।
भारतीय टीम का स्क्वाड
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, इशान किशन, संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
The reigning champions are ready to defend their throne 🏆
Catch #T20WorldCup action live, starting February 7 🗓️
Pic 1: Suryakumar Yadav
Pic 2: Jasprit Bumrah
Pic 3: Abhishek Sharma
Pic 4: Hardik Pandya pic.twitter.com/wrBfcNZ1LE— ICC (@ICC) February 6, 2026