HIGHLIGHT:
- होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने पर 20 लाख डॉलर शुल्क
- ईरान का ‘नया नियंत्रण’ दिखाने का दावा
- अमेरिका की सैन्य कार्रवाई की चेतावनी
- इजरायल पर हमले की ईरान की धमकी
- वैश्विक तेल सप्लाई पर मंडराता खतरा
STRAIT OF HORMUZ : तेहरान। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले कुछ जहाजों से अब करीब 20 लाख डॉलर (लगभग 18.8 करोड़ रुपए) वसूले जाने की घोषणा की है। यह कदम अमेरिका और इज़राइल के साथ जारी तनाव के बीच ईरान की पकड़ को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
ईरान का नया नियंत्रण
ईरानी सांसद अलाउद्दीन बोरुजेरदी ने सरकारी टीवी को बताया कि यह शुल्क स्ट्रेट पर ईरान के नए नियंत्रण का हिस्सा है। उन्होंने कहा इतनी बड़ी राशि वसूलना ईरान की ताकत दिखाता है। साथ ही युद्ध और सुरक्षा खर्चों के कारण अब यह जरूरी हो गया है।
अमेरिका की चेतावनी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर 48 घंटे में यह मार्ग नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के बिजली प्लांट पर हमला कर सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर बड़े पावर प्लांट भी तबाह कर दिए जाएंगे।
LPG UPDATES: 2 और एलपीजी टैंकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से भारत आने को तैयार, क्या खुलने वाला है रास्ता?
ईरान की कड़ी प्रतिक्रिया
ईरानी नेताओं ने जवाब में कहा कि अगर अमेरिका ने हमला किया, तो इज़राइल के ऊर्जा ठिकानों को भी निशाना बनाया जा सकता है। राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा कि यह मार्ग सभी देशों के लिए खुला है, लेकिन ईरान के दुश्मनों के लिए नहीं। उन्होंने धमकियों को चुनौती के रूप में स्वीकार किया और कहा कि ईरान हर चुनौती का सामना करेगा।
वैश्विक तेल आपूर्ति पर असर
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया में तेल की आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस मार्ग से लगभग 20% वैश्विक तेल गुजरता है। हाल के हमलों और बढ़ते तनाव के कारण इस मार्ग पर जहाजों की आवाजाही लगभग ठहर गई है। ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर हमला हुआ, तो स्ट्रेट को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।