Sharad Pawar Health Update : मुंबई। एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार की तबीयत सोमवार को अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बारामती से पुणे ले जाकर रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। शरद पवार के कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, उन्हें बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत है, जिसके चलते डॉक्टरों ने अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी।
बताया गया है कि सोमवार को बारामती तालुका के काठेवाड़ी में दिवंगत नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की 13वीं पुण्यतिथि का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें शरद पवार और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को शामिल होना था। हालांकि, सुबह से ही तबीयत खराब होने के कारण शरद पवार इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
सुबह से बिगड़ी तबीयत
सूत्रों के अनुसार, शरद पवार को सुबह से ही खांसी, बुखार और जुकाम की शिकायत थी। इसके बाद डॉक्टरों की एक टीम उनके बारामती स्थित गोविंदबाग आवास पर पहुंची और नियमित जांच की। दोपहर में उनकी तबीयत में कोई खास सुधार न होने पर डॉक्टरों ने दोबारा जांच की और पुणे के रूबी अस्पताल में भर्ती कराने का फैसला लिया गया।
रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती
शरद पवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी उनके साथ अस्पताल पहुंचीं। बताया गया है कि पवार को लगातार खांसी और कफ की परेशानी हो रही थी, जिससे सांस लेने में दिक्कत बढ़ गई थी। एहतियात के तौर पर उन्होंने प्रोटेक्टिव मास्क पहन रखा था और मेडिकल सपोर्ट पूरी तरह तैयार रखा गया।
पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी सेहत
परिवार के करीबी सूत्रों का कहना है कि शरद पवार पिछले कुछ दिनों से पूरी तरह स्वस्थ नहीं थे। इसी वजह से वह बीते दो-तीन महीनों से अधिकांश सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए थे। हालांकि, भतीजे अजीत पवार के निधन के बाद वह पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मिलने लगे थे।
पिछले सप्ताह उन्होंने लगातार तीन दिन उस कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में बिताए, जहां अजीत पवार रहते थे और जहां शोक जताने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। माना जा रहा है कि बीते आठ दिनों से लगातार लोगों से मिलने और व्यस्त कार्यक्रमों के चलते वह काफी थक गए थे।