Salman Khan in RSS Event : मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मुंबई में आयोजित व्याकरणमाला कार्यक्रम में शामिल हुए। आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘संघ यात्रा के 100 साल: नए क्षितिज’ थीम पर दो दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला का आयोजन किया गया था। सलमान जैसे ही कड़ी सुरक्षा के बीच कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, वहां मौजूद प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और लोग उनके साथ तस्वीरें लेने के लिए उमड़ पड़े।
इस खास कार्यक्रम में हेमा मालिनी और पूनम ढिल्लों जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों की मौजूदगी ने भी आयोजन की शोभा बढ़ाई। आरएसएस के आधिकारिक फेसबुक पेज के मुताबिक, यह कार्यक्रम संगठन की 100 साल की यात्रा, समाज में उसकी भूमिका और भविष्य की दिशा पर मंथन करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
सलमान की लोकप्रियता पर की टिप्पणी
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कार्यक्रम के दौरान सलमान खान की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि कॉलेज के छात्र उन्हें बिना वजह कॉपी करते हैं।
उन्होंने कहा, “कॉलेज के छात्र सलमान खान के फैशन को कॉपी करते हैं। जब उनसे पूछा जाता है कि क्यों, तो वे कहते हैं-पता नहीं, सलमान ऐसा करते हैं। इसका मतलब है कि समाज में अच्छे मूल्य भी फैशन बनने चाहिए।”
जैकी श्रॉफ के जन्मदिन में भी दिखा सलमान का अंदाज़
इसी बीच सलमान खान हाल ही में जैकी श्रॉफ के जन्मदिन समारोह में भी शामिल हुए। फिल्म निर्माता सुभाष घई ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सलमान और जैकी के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसमें सलमान मूंछों वाले लुक में नजर आए। माना जा रहा है कि यह लुक उनकी आगामी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ के लिए है।
सुभाष घई ने की सलमान की जमकर तारीफ
सुभाष घई ने सलमान की तारीफ करते हुए लिखा, “सलमान खान उन चुनिंदा स्टार्स में से हैं जो अपने सीनियर्स का दिल से सम्मान करते हैं। मैंने उन्हें मैसेज कर जैकी के जन्मदिन में आने का अनुरोध किया और उन्होंने कम समय के नोटिस पर आकर सबको सरप्राइज दिया। शुक्रिया सलमान, हमेशा खुश रहो।”
‘बैटल ऑफ गलवान’ में नजर आएंगे सलमान
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बन रही वॉर ड्रामा फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। यह फिल्म 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुए टकराव पर आधारित है। फिल्म में चित्रांगदा सिंह, अभिलाष चौधरी और अंकुर भाटिया भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।