हाइलाइट्स
- राहुल गांधी आरएसएस मानहानि केस में पेश हुए।
- शिवराज पाटिल के निधन के बाद हर्षवर्धन सपकाल पेश।
- राहुल गांधी ने न्यायपालिका पर भरोसा जताया।
RSS Defamation Case : महाराष्ट्र। भिवंडी में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज आरएसएस से जुड़े मानहानि मामले में अदालत में पेश हुए। उनका काफिला कोर्ट परिसर तक पहुंचा, लेकिन सुरक्षा कारणों से केवल राहुल गांधी और उनके कुछ वकीलों को ही अंदर जाने की अनुमति दी गई।
नया जमानतदार देने की जरूरत
सुनवाई के बाद उनके वकील नारायण अय्यर ने बताया कि यह मामला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े एक कार्यकर्ता द्वारा दायर मानहानि से संबंधित है। राहुल गांधी को पहले जिस जमानतदार ने जमानत दी थी, पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल, उनका निधन हो चुका है।
इसी कारण अब नए जमानतदार की जरूरत पड़ी है। इसके लिए महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल कोर्ट में मौजूद रहे और उनके जमानत से जुड़े दस्तावेज पेश किए गए।
मार्च में होगी अगली सुनवाई
वकील के मुताबिक अदालत ने मामले की अगली सुनवाई मार्च में तय की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस केस को आगे बढ़ाएंगे और सही समय पर अपने सबूत पेश करेंगे। न्यायपालिका पर उन्हें पूरा भरोसा है।
Red Fort Blast Thread : लाल किले के पास ब्लास्ट की धमकी, चांदनी चौक में बढ़ाई सभी मंदिरों की सुरक्षा
कोर्ट जाते समय हुआ विरोध
भिवंडी कोर्ट जाते समय राहुल गांधी को विरोध का भी सामना करना पड़ा। मुंबई से ठाणे के बीच एक टोल नाके पर बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए।
इस पर मुंबई युवा कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत शबरीन और कांग्रेस नेता अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि क्या इन प्रदर्शनकारियों पर भी वैसी ही कार्रवाई होगी, जैसी दिल्ली में एआई समिट के दौरान विरोध करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर की गई थी।
क्या है पूरा मामला
यह मामला साल 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान दिए गए एक बयान से जुड़ा है, जिसमें राहुल गांधी ने आरएसएस पर महात्मा गांधी की हत्या का आरोप लगाया था। इस टिप्पणी के खिलाफ भिवंडी के राजेश कुंटे ने उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया था।
फिलहाल राहुल गांधी इस मामले में जमानत पर हैं और अब उन्हें नया जमानतदार देना होगा। बता दें कि, इससे पहले शुक्रवार 20 फ़रवरी को राहुल गांधी सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में भी एक अन्य मामले में पेश हुए थे।