Rajya Sabha Elections 2026 : नई दिल्ली। देश में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चल रही चुनावी प्रक्रिया अपने अंतिम और सबसे अहम चरण में पहुंच गई है। इन सीटों में से 26 पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि बाकी 11 सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। मतदान सुबह 9 बजे से शुरू हुआ है और शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद वोटों की गिनती शुरू होगी और देर शाम तक नतीजे सामने आ सकते हैं।
इस बार मुकाबला खास तौर पर तीन राज्यों – बिहार, ओडिशा और हरियाणा- में दिलचस्प हो गया है, क्योंकि यहां उम्मीदवारों की संख्या सीटों से ज्यादा है। ऐसे में राजनीतिक दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
बिहार में पांचवीं सीट पर कड़ा मुकाबला
बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। संख्याबल के हिसाब से एनडीए के चार उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। इनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (JDU) (Nitish Kumar) , केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर (Ramnath Thakur), भाजपा के नितिन नवीन (Nitin Naveen) और शिवेश कुमार (Shivesh Kumar) शामिल हैं।
सबसे दिलचस्प मुकाबला पांचवीं सीट के लिए है, जहां एनडीए समर्थित उपेंद्र कुशवाह और आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह आमने-सामने हैं। जीत के लिए 41 वोट जरूरी हैं और आरजेडी को AIMIM और बसपा के समर्थन से यह आंकड़ा मिलता दिख रहा है। ऐसे में कांग्रेस विधायकों का रुख और संभावित क्रॉस-वोटिंग इस सीट का फैसला कर सकती है।
जेल से वोट देने पहुंचे बाहुबली विधायक
दुलारचंद यादव हत्याकांड के आरोपी और जेल में बंद बाहुबली विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने विधानसभा पहुंचे। माथे पर तिलक और सफेद कमीज में पहुंचे अनंत सिंह के साथ भारी पुलिस बल मौजूद रहा। उनकी मौजूदगी ने चुनावी माहौल को और सुर्खियों में ला दिया।
Transgender Bill 2026 : ट्रांसजेंडर पहचान नियम होंगे सख्त, मेडिकल बोर्ड की सिफारिश होगी अनिवार्य
अनंत सिंह ने पत्रकारों के नीतीश कुमार के राज्यसभा में जाने के सवाल के जवाब में कहा कि ”वे जहां जाना चाहेंगे जाएंगे।” उन्होंने निशांत कुमार के राजनीति में आने के बारे में सवाल पर कहा कि ”सब अच्छा होगा।”
ओडिशा में रिश्वत के आरोप से सियासत गरम
ओडिशा में 4 सीटों के लिए 5 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां चुनाव से पहले सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। कांग्रेस नेता सप्तगिरी उलाका ने आरोप लगाया कि पार्टी के विधायकों को क्रॉस-वोटिंग के लिए 5-5 करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया। इस आरोप के बाद राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।
इधर बीजू जनता दल (BJD) ने अपने दो निलंबित विधायकों को भी चेतावनी दी है कि वे पार्टी लाइन के अनुसार ही वोट दें, नहीं तो उनकी सदस्यता समाप्त की जा सकती है।
हरियाणा में भी क्रॉस-वोटिंग का डर
हरियाणा में 2 सीटों के लिए 3 उम्मीदवार मैदान में हैं। क्रॉस-वोटिंग की आशंका को देखते हुए कांग्रेस ने अपने 31 विधायकों को पहले हिमाचल प्रदेश के कसौली भेज दिया था। मतदान के लिए सभी विधायक चंडीगढ़ लौट आए हैं। दूसरी ओर भाजपा ने भी अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए उन्हें होटल में ठहराया था।
एनडीए को सीटों में बढ़त की उम्मीद
राज्यसभा की इन 37 सीटों में से 26 पर पहले ही तस्वीर साफ हो चुकी है। इन सीटों में एनडीए और विपक्ष को 13-13 सीटें मिली हैं। हालांकि बिहार, हरियाणा और ओडिशा की 11 सीटों के नतीजे आने के बाद एनडीए को कुल मिलाकर करीब 8 सीटों का फायदा मिलने की संभावना जताई जा रही है। अब सबकी नजरें शाम तक आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, जो राज्यसभा में सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों की ताकत का नया गणित तय करेंगे।