PM Modi in Malaysia : मलेशिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आठ साल बाद दो दिवसीय दौरे पर मलेशिया पहुंचे। कुआलालंपुर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने खुद अपनी कार से किया, जो भारत और भारतीय समुदाय के प्रति सम्मान का प्रतीक माना जा रहा है। इसके बाद पीएम मोदी ने कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय को संबोधित किया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पीएम अनवर इब्राहिम खुद एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए आए, अपनी कार से होटल तक लाए और अपनी सीट पर भी बैठाया। उन्होंने इसे भारत और भारतीयों के प्रति उनके प्रेम और सम्मान का प्रतीक बताया।
पीएम मोदी ने यह भी घोषणा की कि भारत जल्द ही मलेशिया में UPI भुगतान प्रणाली लॉन्च करेगा, जिससे दोनों देशों के बीच डिजिटल कनेक्ट और मजबूत होगा।
Pappu Yadav Judicial Custody : सांसद पप्पू यादव को दो दिन की जुडिशल कस्टडी में भेजा, PMCH में एडमिट
‘आज वादा निभाने आया हूं’
पीएम मोदी ने कहा कि वे पिछले साल ASEAN शिखर सम्मेलन के लिए मलेशिया नहीं आ सके थे, लेकिन उन्होंने अपने मित्र अनवर इब्राहिम से जल्द आने का वादा किया था। “आज मैं वह वादा निभाने आया हूं। 2026 में यह मेरी पहली विदेश यात्रा है,” उन्होंने कहा।
संस्कृति और स्वाद का साझा रिश्ता
प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय से संवाद के दौरान सांस्कृतिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीयों ने रोटी चनाई को मलाबार परोट्टा से जोड़ा है। नारियल, मसाले और चाय हमारे रिश्तों को जोड़ते हैं।
चाहे कुआलालंपुर हो या कोच्चि, स्वाद एक जैसा लगता है। उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाओं और मलय भाषा में कई शब्द समान हैं, शायद इसी वजह से हम एक-दूसरे को बेहतर समझते हैं।
पीएम मोदी ने मलेशिया में भारतीय संगीत और फिल्मों की लोकप्रियता का भी जिक्र किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि पीएम अनवर इब्राहिम बहुत अच्छा गाते हैं और उनके भारत दौरे के दौरान गाया गया पुराना हिंदी गीत सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि अनवर इब्राहिम को महान अभिनेता-नेता एमजीआर के तमिल गीत बेहद पसंद हैं।
भारत अब निवेश का बड़ा केंद्र
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया पहले भारत को सिर्फ एक बड़ा बाजार मानती थी, लेकिन अब भारत निवेश और व्यापार का बड़ा केंद्र बन चुका है। ब्रिटेन, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, ओमान, यूरोपीय संघ और अमेरिका समेत कई देशों ने भारत के साथ व्यापार समझौते किए हैं। भारत आज विकास के लिए एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में देखा जा रहा है।
उन्होंने 2001 के गुजरात भूकंप का जिक्र करते हुए मलेशिया के भारतीय समुदाय को मदद के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि आजादी की लड़ाई में भी प्रवासी भारतीयों ने बड़ा योगदान दिया था।
द्विपक्षीय बातचीत और अहम मुद्दे
दौरे के दौरान पीएम मोदी और पीएम अनवर इब्राहिम के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी। इसमें भारत-मलेशिया की ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बातचीत में व्यापार-निवेश, रक्षा-सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, डिजिटल टेक्नोलॉजी, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और लोगों के आपसी संपर्क जैसे मुद्दे शामिल होंगे।
इसके अलावा रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, स्कॉलरशिप बढ़ाने और मलेशिया में थिरुवल्लुवर सेंटर फॉर इंडियन स्टडीज खोलने पर भी विचार किया जाएगा। इस दौरान जाकिर नाइक से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा होने की संभावना है।
ASEAN के लिहाज से अहम दौरा
मलेशिया ASEAN का अहम सदस्य है। ऐसे में पीएम मोदी का यह दौरा भारत-ASEAN संबंधों को नई मजबूती दे सकता है। भारत इस समय ASEAN के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (AITIGA) को संतुलित और आधुनिक बनाने की कोशिश कर रहा है। इस दिशा में मलेशिया का समर्थन भारत के लिए अहम माना जा रहा है।
Gold Silver Prices Today : आज फिर गिरा सोने-चांदी का भाव, जानिए क्या है ताजा अपडेट
मलेशिया में 29 लाख भारतीय
मलेशिया में करीब 29 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा भारतीय प्रवासी समुदाय है। ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत रिश्तों ने भारत-मलेशिया संबंधों को हमेशा मजबूत बनाए रखा है।