Om Birla No Confidence Motion : नई दिल्ली। संसद में जारी हंगामे और गतिरोध के बीच विपक्ष ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। विपक्ष ने स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंगलवार को इस संबंध में लोकसभा सचिवालय को औपचारिक नोटिस सौंपा गया।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने दी जानकारी
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने जानकारी दी कि स्पीकर को हटाने के लिए संविधान के अनुच्छेद 94(सी) के तहत नोटिस दिया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का आरोप है कि लोकसभा स्पीकर अपने पद का निष्पक्ष तरीके से निर्वहन नहीं कर रहे हैं।
अविश्वास प्रस्ताव पर 120 सांसदों के हस्ताक्षर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस पर विपक्ष के करीब 120 सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। इनमें कांग्रेस, डीएमके और समाजवादी पार्टी सहित कई विपक्षी दलों के सांसद शामिल हैं।
नोटिस में विपक्ष ने क्या लगाए आरोप
नोटिस में विपक्ष ने आरोप लगाया है कि लोकसभा स्पीकर लगातार विपक्षी सांसदों को जनहित से जुड़े मुद्दे सदन में उठाने से रोक रहे हैं। विपक्ष का कहना है कि स्पीकर खुले तौर पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहे हैं, जो संसदीय लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है।
अब इस नोटिस के बाद आगे की प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं। अगर प्रस्ताव को स्वीकार किया जाता है, तो आने वाले दिनों में संसद का राजनीतिक माहौल और ज्यादा गरमाने की संभावना है।
