Nishant Kumar : पटना। बिहार की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत के संकेत मिलने लगे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जनता दल यूनाइटेड में औपचारिक रूप से शामिल होने से पहले ही राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। उनकी बढ़ती सक्रियता ने राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।
शनिवार सुबह निशांत कुमार अचानक जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और युवा विधायकों के साथ एक लंबी अनौपचारिक बैठक की। इस बैठक को जेडीयू के अंदर एक अहम राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
Bihar Politics : नीतीश के बेटे निशांत के हाथ आएगी JDU की कमान? आज JDU की अहम बैठक में होगा फैसला
नेताओं के साथ की लंबी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक बैठक में पार्टी के कई प्रमुख नेता और युवा विधायक मौजूद थे। इस दौरान बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, सरकार की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन और पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
बताया जा रहा है कि निशांत कुमार ने नेताओं से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम करने के तरीके और सरकार की योजनाओं को बेहतर तरीके से लोगों तक पहुंचाने के बारे में भी विस्तार से बातचीत की।
8 मार्च को JDU में शामिल होने की संभावना
सूत्रों के अनुसार निशांत कुमार 8 मार्च को औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ले सकते हैं। पटना में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान वे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। इस कार्यक्रम में राज्यभर से पार्टी के कार्यकर्ता और नेता जुटने की संभावना है।
पार्टी के अंदर इसे एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटना के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि इससे जेडीयू में नई पीढ़ी के नेतृत्व को आगे लाने की रणनीति भी साफ दिखाई दे रही है।
नई पीढ़ी को आगे लाने की तैयारी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जेडीयू लंबे समय से नीतीश कुमार के नेतृत्व के इर्द-गिर्द केंद्रित रही है। ऐसे में आने वाले समय को ध्यान में रखते हुए पार्टी नई पीढ़ी के नेताओं को सामने लाने की तैयारी कर रही है।
निशांत कुमार की सक्रियता को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि इससे संगठन को नई ऊर्जा मिल सकती है और युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा।
अब तक राजनीति से दूर रहे निशांत
निशांत कुमार अब तक राजनीति से काफी दूरी बनाकर रखते आए हैं और सार्वजनिक जीवन में भी वे लो-प्रोफाइल रहे हैं। उनका जन्म 1975 में बिहार के बख्तियारपुर में हुआ था। शुरुआती पढ़ाई उन्होंने पटना में की। इसके बाद उन्होंने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मेसरा से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की।
Nitish Kumar Nomination : नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए किया नामांकन, गृहमंत्री शाह भी रहे मौजूद
हालांकि अब उनकी बढ़ती राजनीतिक सक्रियता यह संकेत दे रही है कि वे जल्द ही सक्रिय राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। ऐसे में उनकी औपचारिक एंट्री को बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
