MP Weather Today : भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। प्रदेश के करीब 30 जिलों में आज बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
5 अप्रैल तक रहेगा ऐसा मौसम
राजधानी भोपाल और इंदौर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। विशेष रूप से निमाड़ क्षेत्र के धार, बड़वानी और झाबुआ जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि यह बदला हुआ मौसम 5 अप्रैल तक बना रह सकता है।
72 घंटों से बारिश का सिलसिला जारी
पिछले 72 घंटों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे मौसम अस्थिर बना हुआ है। बुधवार को भी आधे से ज्यादा प्रदेश में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर आंधी और बारिश का असर देखने को मिला।
इन जिलों में IMD का अलर्ट
जिन जिलों में मौसम का ज्यादा प्रभाव देखने को मिल सकता है, उनमें ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर और रतलाम शामिल हैं।
इसके अलावा अलीराजपुर, झाबुआ, धार, बड़वानी, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम में भी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
वहीं, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, देवास और शाजापुर जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।