MP Teachers Promotion : भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए चतुर्थ क्रमोन्नति (फोर्थ टाइम स्केल) लागू करने का फैसला कर लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग (General Administration Department) ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। अब शिक्षकों को 12, 24 और 30 साल की सेवा के बाद मिलने वाले लाभ के साथ 35 साल की सेवा पूरी करने पर भी अतिरिक्त वेतनमान का फायदा मिलेगा।
1.5 लाख शिक्षकों को मिलेगा लाभ
इस फैसले से प्रदेश के करीब 1.5 लाख शिक्षकों को सीधा फायदा मिलेगा। नया वेतनमान 1 जुलाई 2023 से लागू माना जाएगा। इसके तहत शिक्षकों को करीब 1.25 लाख रुपए से लेकर 1.80 लाख रुपए तक का एरियर मिलने का अनुमान है।
पदोन्नति नहीं मिलने वालों को राहत
सरकार का यह फैसला उन शिक्षकों के लिए राहत लेकर आया है, जो पदोन्नति के पात्र नहीं बन पाए, लेकिन उन्होंने लंबी सेवा पूरी कर ली है। अब ऐसे शिक्षकों को क्रमोन्नति के जरिए उच्च वेतनमान दिया जाएगा। यह लाभ प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के शिक्षकों को उनके पद के अनुसार मिलेगा।
सैलरी में भी होगी बढ़ोतरी
सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार, 35 साल की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को उच्चतर पे-लेवल का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी मासिक सैलरी में भी बढ़ोतरी होगी। इस प्रस्ताव को वित्त विभाग ने भी मंजूरी दे दी है।
सीएम ने शिक्षक दिवस पर की थी घोषणा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शिक्षक दिवस के मौके पर इस योजना की घोषणा की थी। इसके बाद कैबिनेट की मंजूरी मिलने पर अब इसे लागू कर दिया गया है।
सरकार पर 117 करोड़ का अतिरिक्त भार
इस फैसले से राज्य सरकार पर करीब 117 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। 1 जुलाई 2023 तक 35 साल की सेवा पूरी कर चुके शिक्षकों को एरियर मिलेगा, जबकि 2023 से 2026 के बीच पात्र होने वालों को उनकी पात्रता की तारीख से लाभ दिया जाएगा।
ऐसे मिलेगा वेतनमान का लाभ
- सहायक शिक्षक को 35 साल की सेवा पर 15,600 से 39,100 रुपए और 5,400 रुपए ग्रेड-पे मिलेगा। सातवें वेतनमान में यह एल-12 के तहत 56,100 से 1,77,500 रुपए होगा।
- यूडीटी (शिक्षक) को 15,600 से 39,100 रुपए और 7,600 रुपए ग्रेड-पे मिलेगा। सातवें वेतनमान में यह एल-14 के तहत 79,900 से 2,11,700 रुपए होगा।
- प्राथमिक शिक्षकों को 15,600 से 39,100 रुपए और 5,400 रुपए ग्रेड-पे मिलेगा। सातवें वेतनमान में एल-12 के तहत 56,100 से 1,77,500 रुपए वेतन मिलेगा।
- माध्यमिक शिक्षकों को 15,600 से 39,100 रुपए और 7,600 रुपए ग्रेड-पे मिलेगा। सातवें वेतनमान में एल-14 के तहत 79,900 से 2,11,700 रुपए वेतनमान का लाभ मिलेगा।
इस फैसले को प्रदेश के शिक्षकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, जिससे लंबे समय से लंबित मांग पूरी हुई है और उनकी आय में भी सुधार होगा।

