MP Rajya Sabha Elections : भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। राज्यसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी हलचल बढ़ने लगी है। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार (Umang Singhar) के बयान ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है, जिससे प्रदेश की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि, मध्य प्रदेश में हॉर्स ट्रेडिंग (Horse-trading) हो सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह सतर्क और अलर्ट है।
राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी पूरी तैयारी
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस जो भी प्रत्याशी घोषित करेगी, उसके पक्ष में पार्टी के सभी विधायक मतदान करेंगे और अपने उम्मीदवार को जिताने के लिए एकजुट रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर पूरी तैयारी है और किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए रणनीति बनाई गई है।
MP Cabinet Decisions : गेंहू के साथ चना- मसूर का खरीदी करेगी सरकार, कैबिनेट ने दी मंजूरी
किसानों के मुद्दे पर घेरी सरकार
मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने किसानों के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। सिंघार ने कहा कि प्रदेश में सोयाबीन की समय पर खरीदी नहीं होती और कई बार प्याज सड़कों पर फेंकनी पड़ती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसान ओटीपी के इंतजार में परेशान रहते हैं, जबकि सरकार कुछ खास लोगों से ही खरीद करती है। उनके मुताबिक, सरकार की नीतियां किसानों के हित में नहीं हैं।
उन्होंने किसान संगठनों और आरएसएस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वे इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं। सिंघार ने कहा कि बीजेपी अक्सर दावा करती है कि वह किसानों के समर्थन से सत्ता में आती है, तो उसे किसानों के हित में फैसले भी लेने चाहिए।
पूरी कांग्रेस राजेंद्र भारती के साथ खड़ी
राजेंद्र भारती (Rajendra Bharti) के मामले पर बोलते हुए सिंघार ने कहा कि देश ऑटोक्रेसी और चुनावी सत्तावाद की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में पूरी तरह राजेंद्र भारती के साथ खड़ी है और न्याय के लिए कोर्ट का सहारा लिया जा रहा है, हालांकि वहां भी “तारीख पर तारीख” मिल रही है।
आदिवासी कानून और क्रॉस वोटिंग पर क्या बोले सिंघार
आदिवासी कानून के मुद्दे पर सिंघार ने कहा कि सरकार को समिति की रिपोर्ट लागू करनी चाहिए, क्योंकि इस पर पहले भी कई बार चर्चा हो चुकी है। डॉ. गोविंद सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में आने वाला हर व्यक्ति किसी न किसी जनाधार के साथ आता है।
Rajendra Bharti Case Update : MP कांग्रेस को झटका, राजेंद्र भारती मामले की टली सुनवाई
वहीं, राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की संभावना पर उन्होंने कहा कि बीजेपी की यह पुरानी आदत रही है कि वह सरकारें खरीदने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है तो इसमें कोई आश्चर्य नहीं होगा, लेकिन कांग्रेस हर हाल में मुकाबला करेगी।