MP Budget 2026 : भोपाल। मध्यप्रदेश का बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कई बड़ी घोषणाएं कीं और साफ कहा कि प्रदेश में कोई नया टैक्स नहीं लगाया जाएगा। बजट में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला कल्याण, कृषि, उद्योग और बुनियादी ढांचे पर विशेष फोकस किया है। वहीं विपक्ष ने बढ़ते वित्तीय घाटे का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि इतनी बड़ी योजनाओं के लिए संसाधन कहां से आएंगे।
महिलाओं और सामाजिक योजनाओं पर बड़ा फोकस
सरकार ने लाड़ली बहना योजना के लिए 23,882 करोड़ रुपये और लाड़ली लक्ष्मी योजना के लिए 1,800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। नारी कल्याण की अन्य योजनाओं के लिए कुल 1 लाख 27 हजार 555 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
1 अप्रैल से तलाकशुदा बेटी को भी परिवार पेंशन देने का ऐलान किया गया है। शहरों में 5,700 वर्किंग वूमन हॉस्टल बनाए जाएंगे।
शिक्षा और युवाओं के लिए नए अवसर
एमबीबीएस की 2,850 नई सीटों के साथ 15 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रस्तावित है। छात्रवृत्ति के लिए 286 करोड़ रुपये और पीएमश्री योजना के लिए 530 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 294 सांदीपनी स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 16,451 युवाओं को लोन दिया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़े बजट के साथ आयुष्मान भारत योजना के लिए 2,139 करोड़ रुपये रखे गए हैं। यशोदा पोषाहार योजना के तहत 8वीं तक के बच्चों को टेट्रा पैक में दूध दिया जाएगा। मध्यप्रदेश में बायोगैस और पंचकर्म की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
Gold Silver Price Today : रात होते ही क्रैश हो गए थे सोना-चांदी, जानिए अब क्या है मार्केट का हाल
ग्रामीण विकास, आवास और जल योजनाएं
सरकार ने 10 लाख नए आवास बनाने का लक्ष्य रखा है। जल जीवन मिशन के लिए 4,454 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। धरती आबा योजना के लिए 752 करोड़ रुपये और पीएम जनमन योजना के लिए 800 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
उद्योग, कृषि और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा
बुंदेलखंड के लिए इंडस्ट्रियल पैकेज की घोषणा की गई है। लोक निर्माण विभाग को 12,690 करोड़ रुपये दिए गए हैं। मछली उत्पादन के लिए 412 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और 25 हजार करोड़ रुपये का कृषि ऋण देने का लक्ष्य रखा गया है।
सिंहस्थ, स्वच्छता और सुरक्षा पर खर्च
सिंहस्थ कुंभ के विकास के लिए 13,851 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पुलिस विभाग के लिए 14,306 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
Kuno Cheetah Gamini : कूनो में ‘गामिनी’ ने दिया 3 शावकों को जन्म, चीतों का कुनबा बढ़कर हुआ 38
निवेश और रोजगार को गति देने की तैयारी
सरकार के अनुसार पिछले दो वर्षों में 33 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो चुका है। 19,300 एकड़ में इंडस्ट्रियल और आईटी पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
विपक्ष का हमला- घाटे में कैसे पूरी होंगी घोषणाएं
बजट पेश होने के दौरान सदन में जमकर हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि जब सरकार पर 74 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का वित्तीय घाटा है तो इतनी बड़ी घोषणाएं कैसे पूरी होंगी। इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
मध्य प्रदेश सरकार के बजट को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बताया जनता के साथ छलावा। युवाओं, महिलाओं, बेरोजगारों के लिए इस बजट में कुछ भी नहीं। सरकार ने घाटे का बजट पेश करने का काम किया है। जनता महंगाई से परेशान है।
Anganwadi Salary Increase : आंगनबाड़ी महिलाओं को सीएम का तोहफा, मानदेय बढ़ाने की घोषणा
कांग्रेस इस बजट की हकीकत जनता के सामने रखेगी। विधायक और संगठन के माध्यम से हम लोग एक रिपोर्ट बनाकर जनता के बीच लेकर जाएंगे, मध्य प्रदेश की वित्तीय स्थिति खराब है।
विधायक निधि की बढ़ोतरी नहीं किए जाने पर हंगामा
बजट के दौरान सदन में कांग्रेस विधायकों ने विधायक निधि बढ़ोतरी नहीं किए जाने के कारण बजट भाषण के दौरान हंगामा किया। बजट भाषण पर सवाल उठाए। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने विधायकों को शांत होकर अपनी सीट पर बैठने के निर्देश दिए। कांग्रेस विधायक सरकार पर कर्ज के विरोध में खाली डिब्बे और गुल्लक लेकर विधानसभा पहुंचे।
बजट पर क्या बोले सीएम मोहन यादव
एमपी बजट प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ, मोहन यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, हमारी सरकार ने यशस्वी पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। एमपी भी तेजगति से आगे बढ़ रहा है।
सीएम ने बजट को लेकर कहा कि, ये बजट ज्ञान पर अधारित है। इसमें हमने आई भी जोड़ दिया है, अब ये ज्ञानी हो गया आई फॉर इंडस्ट्रीज़। ये बजट सिर्फ इस वर्ष का बजट नहीं है बल्कि आगामी दो सालों के विकास के आउट लाईन का बजट हैं।
स्कूल के बच्चों को टेट्रा पैक में देंगे दूध
सीएम यादव ने आगे बताया कि, सरकार ने एक नई योजना शुरु की है, योजना का नाम है, द्वारका योजना। इस योजना के लिए पांच हजार करोड़ रु का प्रावधान किया हैं। इसके अलावा स्कूल के बच्चों को टेट्रा पैक में दूध देंगे। समृद्ध मध्यप्रदेश, सुखद मध्यप्रदेश, संपन्न मध्यप्रदेश और संस्कृति मध्यप्रदेश के ध्येय वाक्य को पूरा करता ये बजट हैं। मंजरे टोलो तक सड़कों का विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए 21630 करोड़ की बजट राशि का प्रावधान किया गया हैं।