हाइलाइट्स
- एमपी बोर्ड की 12वीं परीक्षा आज से शुरू, पहली परीक्षा अंग्रेजी की।
- 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 13 फरवरी से होंगी शुरू।
- 206 संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था।
MP Board Exam 2026 : भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं। सबसे पहले 12वीं कक्षा की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनकी पहली परीक्षा अंग्रेजी विषय की है। वहीं 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 13 फरवरी से शुरू होंगी। इस साल बोर्ड परीक्षा में प्रदेशभर से करीब 16 लाख विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम
नकल और गड़बड़ी रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पूरे प्रदेश में 3 हजार 856 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां CCTV कैमरे, फ्लाइंग स्क्वॉड और विशेष निगरानी टीमों की तैनाती की गई है। बोर्ड ने साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Holi Special Train 2026 : होली पर रानी कमलापति–दानापुर के बीच स्पेशल ट्रेन, 27 फरवरी से होगी शुरू
8:30 के बाद अंदर जाने की अनुमति नहीं
परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रखा गया है। विद्यार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी छात्र को अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही परीक्षा शुरू होने के बाद दो घंटे से पहले किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
206 परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील
प्रदेश में कुल 206 परीक्षा केंद्र संवेदनशील और अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल और विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है।
प्रशासन और शिक्षा विभाग का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं।
बोर्ड परीक्षा के पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही विद्यार्थियों की भीड़ देखने को मिली। अभिभावकों और छात्रों से नियमों का पालन करने और समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की गई है।