Morena Murder : मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया। इस दौरान बदमाशों ने वन रक्षक हरकेश गुर्जर को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना दिमनी थाना क्षेत्र के रानपुर गांव चौराहे के पास बुधवार सुबह करीब 6 बजे हुई।
वन रक्षक को कुचलकर आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार, अवैध रेत परिवहन की सूचना मिलने पर वन विभाग की 6 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान ड्राइवर विनोद कोरी रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने लगा।
वन रक्षक हरकेश गुर्जर ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। पास के एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की तस्वीरें कैद हुई हैं।
Gold-Silver Price Today : 13000 महंगी हुई चांदी तो 3000 से ऊपर सोना, जानिए क्या है वजह
मामले की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, एसपी समीर सौरभ और डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल मौके पर पहुंचे और प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत की। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
3 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग
डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल ने दिमनी थाने में दिए आवेदन में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। इनमें ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी के अलावा ट्रैक्टर मालिक सोनू चौहान और पवन तोमर के नाम शामिल हैं। बताया गया है कि ट्रैक्टर सोनू और पवन ने साझेदारी में खरीदा था।
डीएफओ के अनुसार, वन विभाग की टीम बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे सरकारी वाहन से कार्रवाई के लिए रवाना हुई थी। टीम में वनकर्मी संदीप, शत्रुघ्न, विनोद, हरकेश और रेंज ऑफिसर वीर कुमार तिर्की शामिल थे।
MP Rajya Sabha Elections : मध्य प्रदेश के राज्यसभा चुनाव में होगी हॉर्स ट्रेडिंग
नामजद FIR को लेकर विवाद
कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के बेटे बंकू उर्फ कप्तान कंसाना भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि दिमनी थाने से मृतक के परिजनों पर दबाव बनाकर जबरन एफआईआर पर हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष का सरकार पर हमला
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन माफिया खुलेआम कानून के रक्षकों की हत्या कर रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल संज्ञान लेने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही शहीद वन रक्षक हरकेश गुर्जर को श्रद्धांजलि भी दी।
Rajendra Bharti Case Update : MP कांग्रेस को झटका, राजेंद्र भारती मामले की टली सुनवाई
प्रशासन का आश्वासन
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और पुलिस को आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि दिमनी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
