Manipur Violence Update : मणिपुर। पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में एक बार फिर हिंसा की गंभीर घटना सामने आई है। बिष्णुपुर जिले में मंगलवार तड़के एक संदिग्ध हमले में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने जिले में कर्फ्यू लगा दिया है।
BSF जवान के घर किया था हमला
यह हमला मंगलवार सुबह करीब 1:03 बजे बिष्णुपुर जिले के ट्रोंगलाओबी इलाके में हुआ। बताया गया कि यह हमला बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के एक जवान के घर पर किया गया, जब परिवार सो रहा था।
एक प्रोजेक्टाइल घर के बेडरूम की खिड़की से टकराया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। इस हमले में 5-6 महीने की बच्ची और पांच साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि उनकी मां घायल हो गईं, जिन्हें इंफाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इन जिलों में इंटरनेट बंद
घटना के बाद राज्य सरकार ने एहतियाती कदम उठाते हुए इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में तीन दिनों के लिए इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं बंद कर दी हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
क्या बोले मणिपुर के गृह मंत्री
मणिपुर के गृह मंत्री के गोविंदास ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि इस घटना में दो मासूम बच्चों की जान गई है और यह बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि दोषियों को सजा दिलाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि पूरे गांव में दहशत फैल गई। यह इलाका चुराचांदपुर जिले की तलहटी के पास स्थित है और पहले से ही संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि यहां हथियारबंद समूहों की गतिविधियों की आशंका बनी रहती है।
हाई अलर्ट पर सुरक्षा बलों
गौरतलब है कि ट्रोंगलाओबी गांव मणिपुर की राजधानी इंफाल से करीब 46 किलोमीटर दूर स्थित है और यह चुराचांदपुर जिले से सटा हुआ है।
इसी इलाके में सितंबर 2024 में भी पहला हमला हुआ था, जिसमें एक 72 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई थी और पांच अन्य घायल हुए थे। ताजा घटना के बाद घटनास्थल के पास एक और रॉकेट से चलने वाला ग्रेनेड (RPG) भी बरामद किया गया है।घटना के बाद सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
इलाके में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अशांति को फैलने से रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
यहां देखिये मणिपुर हिंसा के कुछ विजुअल्स



