Aayudh

Categories

LPG and Oil Crisis : गैस और तेल संकट जल्द होगा दूर, होर्मुज पार कर आये ये दो बड़े जहाज

LPG and Oil Crisis

LPG and Oil Crisis : नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय ध्वज वाला एलपीजी टैंकर शिवालिक एलपीजी कैरियर (Shivalik LPG Carrier) जल्द ही गुजरात के मुंद्रा पोर्ट (Mundra Port) पर पहुंचने वाला है। इस जहाज में 45 हजार मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी लदी हुई है, जिससे देश में गैस आपूर्ति की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।

युद्ध क्षेत्र से सुरक्षित निकला जहाज

यह जहाज हाल ही में युद्ध प्रभावित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को पार कर भारत की ओर रवाना हुआ था। पश्चिम एशिया में चल रहे ईरान-इजरायल संघर्ष (Iran–Israel conflict) के कारण कई जहाज इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में फंस गए थे।

भारत सरकार के कूटनीतिक प्रयासों के बाद दो भारतीय एलपीजी जहाजों को वहां से निकलने की अनुमति मिली। इनमें से पहला जहाज ‘शिवालिक’ अब भारत पहुंचने वाला है, जबकि दूसरा जहाज नंदा देवी एलपीजी कैरियर (Nanda Devi LPG Carrier) 17 मार्च को कांडला पोर्ट (Kandla Port) पहुंचने की उम्मीद है।

कच्चे तेल का टैंकर भी भारत के लिए रवाना

इसी बीच भारतीय ध्वज वाला एक और तेल टैंकर जग लाडकी तेल टैंकर (Jag Laadki Oil Tanker) संयुक्त अरब अमीरात के फुजैरा से करीब 80,800 टन कच्चा तेल लेकर भारत के लिए सुरक्षित रवाना हो चुका है। इससे देश की ऊर्जा आपूर्ति को बनाए रखने में मदद मिलने की संभावना है।

एक और भारतीय जहाज पार कर चुका है होर्मुज

इसके अलावा भारतीय ध्वज वाला तेल टैंकर जग प्रकाश ऑयल टैंकर (Jag Prakash Oil Tanker) भी हाल ही में होर्मुज स्ट्रेट को पार कर चुका है। यह जहाज ओमान के सोहर पोर्ट से पेट्रोल लेकर तंजानिया के तांगा पोर्ट (Tanga Port) की ओर जा रहा है और 21 मार्च तक वहां पहुंचने की उम्मीद है।

खाड़ी क्षेत्र में अभी भी कई भारतीय जहाज मौजूद

सरकारी जानकारी के अनुसार फिलहाल फारस की खाड़ी के पश्चिमी हिस्से में 22 भारतीय ध्वज वाले जहाज और 611 भारतीय नाविक मौजूद हैं। सरकार इन सभी की सुरक्षा पर लगातार नजर रखे हुए है।

ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ा था असर

भारत अपनी जरूरत का करीब 88% कच्चा तेल, 50% प्राकृतिक गैस और लगभग 60% एलपीजी आयात करता है। पश्चिम एशिया से भारत को बड़ी मात्रा में ऊर्जा मिलती है।

हालिया संघर्ष के कारण होर्मुज स्ट्रेट से होने वाली आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसके चलते औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए गैस आपूर्ति सीमित करनी पड़ी और होटल-रेस्तरां जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को मिलने वाली एलपीजी भी कम कर दी गई।

ऐसे में एलपीजी से भरे भारतीय जहाजों का सुरक्षित भारत पहुंचना ऊर्जा आपूर्ति के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। सरकार का कहना है कि समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित मंत्रालय और एजेंसियां लगातार समन्वय कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *