Lal Baradari Controversy : उत्तर प्रदेश। लखनऊ विश्वविद्यालय के लाल बारादरी परिसर को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। नमाज पढ़ने पर छात्रों को दिए गए नोटिस और लाल बारादरी के दरवाजे बंद किए जाने के फैसले के खिलाफ छात्र संगठनों ने आंदोलन का ऐलान किया है। आज छात्र परिवर्तन चौराहा से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकालकर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा हैं।
विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात
कैंपस में बढ़ते तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विश्वविद्यालय परिसर के अंदर और बाहर पुलिस बल तैनात है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है।
इस मुद्दे को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। लाल बारादरी में नमाज को लेकर जारी नोटिस के खिलाफ संगठन के सदस्य विश्वविद्यालय के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया, जिसके बाद इलाके में सुरक्षा और बढ़ा दी गई।
ये है पूरा मामला
दरअसल, हाल ही में लाल बारादरी परिसर में नमाज पढ़ने वाले कुछ छात्रों को विश्वविद्यालय प्रशासन ने नोटिस जारी किया था। पुलिस ने भी शांति भंग होने और आपसी सौहार्द बिगड़ने की आशंका के चलते एहतियाती कार्रवाई की है। प्रशासन ने कैंपस में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगा दी है, जिससे छात्र संगठनों में नाराजगी बढ़ गई है।
छात्र संगठनों का कहना है कि लाल बारादरी को बंद करना और छात्रों पर कार्रवाई करना गलत है। उनका आरोप है कि इससे छात्रों की स्वतंत्रता प्रभावित हो रही है। इसी के विरोध में विभिन्न छात्र संगठन एकजुट होकर प्रदर्शन कर रहे हैं और पुलिस व विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ आवाज उठाएंगे।
प्रदर्शनकारी छात्र परिवर्तन चौराहा से मार्च निकालते हुए डीएम कार्यालय पहुंचेंगे और लाल बारादरी को फिर से खोलने तथा नोटिस वापस लेने की मांग करेंगे। प्रशासन ने प्रदर्शन के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
लाल बारादरी को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब विश्वविद्यालय की राजनीति का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है और आज का प्रदर्शन इस पूरे मामले में अहम माना जा रहा है।