Kim Jong Un Successor : उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन की बेटी किम जू ए (जु ऐ) को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों पर अब दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने मुहर लगा दी है। नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस (NIS) ने संसद सदस्यों को बंद कमरे में दी गई ब्रीफिंग में बताया कि किम जू ए अब “उत्तराधिकारी नियुक्ति के चरण” में पहुंच चुकी हैं।
पहले उन्हें “उत्तराधिकारी प्रशिक्षण” के दौर में माना जा रहा था, लेकिन अब आकलन बदल गया है। इससे संकेत मिलता है कि किम परिवार की चौथी पीढ़ी को सत्ता सौंपने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
सार्वजनिक कार्यक्रमों में बढ़ती मौजूदगी
किम जू ए पहली बार नवंबर 2022 में सार्वजनिक रूप से तब नजर आई थीं, जब वे अपने पिता के साथ एक लंबी दूरी की मिसाइल परीक्षण कार्यक्रम में शामिल हुई थीं।
इसके बाद से वे सैन्य परेड, हथियार परीक्षण, फैक्ट्री उद्घाटन और कोरियाई पीपुल्स आर्मी के स्थापना दिवस जैसे अहम आयोजनों में लगातार दिखाई दे रही हैं।
जनवरी 2026 में उन्होंने कुमसुसान पैलेस ऑफ द सन का दौरा किया, जहां किम इल सुंग और किम जोंग इल के पार्थिव शरीर संरक्षित हैं। इसे उत्तराधिकार का मजबूत संकेत माना जाता है।
सितंबर 2025 में वे अपने पिता के साथ बीजिंग भी गईं और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। NIS के अनुसार, इन घटनाओं से संकेत मिलता है कि उन्हें नीतिगत मामलों में भी भूमिका दी जा रही है।
‘उत्तराधिकारी’ के संकेत क्यों हुए मजबूत ?
दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने अपने आकलन में कई आधार गिनाए हैं- सरकारी कार्यक्रमों में बढ़ती उपस्थिति, सैन्य गतिविधियों में भागीदारी, प्रतीकात्मक स्थलों का दौरा और आधिकारिक मीडिया द्वारा उनके लिए इस्तेमाल की जा रही उपाधियां।
उत्तर कोरियाई मीडिया उन्हें “प्यारी संतान” और “मार्गदर्शन देने वाली महान शख्सियत” जैसे शब्दों से संबोधित कर रहा है, जो आमतौर पर शीर्ष नेताओं और उनके उत्तराधिकारियों के लिए इस्तेमाल होते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाली वर्कर्स पार्टी कांग्रेस में यदि उन्हें कोई औपचारिक पद- जैसे सेंट्रल कमेटी की फर्स्ट सेक्रेटरी- मिलता है, तो उत्तराधिकार की संभावना और मजबूत हो जाएगी।
अहम राजनीतिक बैठक पर नजर
उत्तर कोरिया इस महीने के अंत में अपनी 9वीं पार्टी कांग्रेस आयोजित करने जा रहा है, जो हर पांच साल में होती है और देश की सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक बैठक मानी जाती है।
इसमें अगले पांच वर्षों की विदेश नीति, रक्षा रणनीति और परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा होगी। NIS इस बैठक में किम जू ए की भूमिका और उन्हें दिए जाने वाले सम्मान पर विशेष नजर रखे हुए है।

किम परिवार की चौथी पीढ़ी?
उत्तर कोरिया में सत्ता हमेशा किम परिवार के हाथों में रही है, किम इल सुंग से किम जोंग इल और फिर किम जोंग उन तक। अब यदि किम जू ए को औपचारिक रूप से उत्तराधिकारी घोषित किया जाता है, तो यह चौथी पीढ़ी में सत्ता हस्तांतरण होगा।हालांकि, प्योंगयांग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बंद राजनीतिक व्यवस्था के कारण पूरी तस्वीर स्पष्ट होना मुश्किल है, लेकिन हालिया घटनाक्रम सत्ता हस्तांतरण की दिशा में बड़े संकेत माने जा रहे हैं।