IPL 2026 : मुंबई। ठीक 10 दिन बाद यानी 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट का सबसे बड़ा त्योहार शुरू होने वाला है। इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन इस बार अपने सबसे भव्य और लंबे रूप में सामने आ रहा है। इस सीजन में 10 टीमों के बीच कुल 84 मुकाबले खेले जाएंगे, जो इसे अब तक का सबसे बड़ा संस्करण बनाता है। इससे पहले अधिकतम 74 मैच खेले जाते थे। 64 दिनों तक देश के 13 अलग-अलग वेन्यू पर चौके-छक्कों का रोमांच देखने को मिलेगा।
इस बार सभी टीमें जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हैं और प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप के जरिए खिलाड़ी खुद को मैच के लिए तैयार कर रहे हैं। वर्ल्ड कप खत्म होने के सिर्फ 20 दिन बाद ही लीग शुरू हो रही है, इसलिए बीसीसीआई और फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों के वर्कलोड पर भी खास नजर रख रही हैं।
धोनी, रोहित और विराट का हो सकता है आखिरी सीजन
आईपीएल के इस सीजन की एक बड़ी खासियत यह भी हो सकती है कि यह एमएस धोनी, रोहित शर्मा और विराट कोहली का आखिरी सीजन हो सकता है, जब तीनों दिग्गज एक साथ मैदान पर नजर आएं। इन तीन खिलाड़ियों ने पिछले 18 सालों में आईपीएल को एक अलग पहचान दी है।
धोनी का विदाई सीजन माना जा रहा
चेन्नई टीम के साथ जुड़े एमएस धोनी ने नवेलूर स्थित हाई परफॉर्मेंस सेंटर में अभ्यास शुरू कर दिया है। 44 साल की उम्र में यह उनका विदाई सीजन माना जा रहा है, हालांकि उनकी फिटनेस और लंबे शॉट्स को देखकर अब भी वे युवा खिलाड़ियों को चुनौती देते नजर आते हैं। खबर है कि इस बार वे ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ की भूमिका में ज्यादा दिखाई दे सकते हैं।
आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे रोहित
वहीं रोहित शर्मा भी मुंबई इंडियंस के कैंप से जुड़ चुके हैं और नेट्स पर आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने खासतौर पर पुल शॉट और बड़े शॉट्स पर काम किया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने इस सीजन से पहले करीब 11 किलो वजन कम किया है। इस बात पर भी चर्चा है कि उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के बजाय फुल-टाइम बल्लेबाज के तौर पर खेलना चाहिए।
IPL Tickets Price 2026 : 28 मार्च को IPL 2026 का पहला मैच, जानिए कब और कैसे मिलेंगे टिकट
RCB पर खिताब बचाने का दबाव
विराट कोहली के लिए यह सीजन और भी अहम है, क्योंकि उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 2025 में अपना पहला खिताब जीत चुकी है। अब टीम पर खिताब बचाने का दबाव रहेगा। कोहली ने नए सीजन के लिए पहले ही ट्रेनिंग शुरू कर दी थी और अब वे जल्द ही टीम कैंप से जुड़ेंगे।
13 शहरों में खेले जाएंगे मुकाबले
इस बार आईपीएल 10 शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 13 शहरों में मुकाबले खेले जाएंगे। राजस्थान अपनी टीम के कुछ मैच जयपुर के अलावा गुवाहाटी में खेलेगी। पंजाब किंग्स न्यू चंडीगढ़ के साथ-साथ धर्मशाला में भी मैच खेलेगी, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रायपुर को अपना दूसरा होम ग्राउंड चुना है।
हालांकि कुछ टीमों को चोटों के कारण झटका भी लगा है। कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की सर्जरी के चलते पूरे या अधिकांश सीजन से बाहर हो सकते हैं। वहीं आरसीबी के जोश हेजलवुड और सनराइजर्स हैदराबाद के पैट कमिंस भी शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे।
टूर्नामेंट के फॉर्मेट में बड़ा बदलाव
टूर्नामेंट के फॉर्मेट में भी बड़ा बदलाव किया गया है। इस बार चार साल बाद डबल राउंड रॉबिन फॉर्मेट की वापसी हो रही है, जिसमें हर टीम दूसरी टीम से दो बार भिड़ेगी। इससे मुकाबले और ज्यादा निष्पक्ष और रोमांचक होने की उम्मीद है।
तकनीक के मामले में भी यह सीजन खास रहने वाला है। इस बार ब्रॉडकास्टिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होगा। दर्शक अपनी पसंद के खिलाड़ी पर फोकस करते हुए मैच देख सकेंगे।
इसके अलावा स्मार्ट बॉल और स्मार्ट पिच जैसी नई तकनीकों पर भी काम किया जा रहा है, जिससे मैच के दौरान रियल टाइम डेटा उपलब्ध हो सकेगा।