India-US Trade Deal : भारत और अमेरिका ने शनिवार को एक संयुक्त बयान जारी कर भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते की घोषणा की। यह समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई अहम बातचीत का नतीजा है। इस फ्रेमवर्क का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार में आ रही वित्तीय बाधाओं को कम करना और आर्थिक सहयोग को मजबूत करना है।
पीएम मोदी ने समझौते का किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अंतरिम व्यापार समझौते का स्वागत करते हुए इसे भारत-अमेरिका आर्थिक संबंधों के लिए अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देगा और देश में नए रोजगार के अवसर पैदा करेगा। पीएम मोदी के अनुसार, यह फ्रेमवर्क दोनों देशों के बीच भरोसे और साझेदारी को और गहरा करता है।
प्रधानमंत्री का सोशल मीडिया पर बयान
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि भारत और अमेरिका के लिए यह बहुत अच्छी खबर है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क पर सहमति जताई है।
पीएम ने राष्ट्रपति ट्रंप को मजबूत द्विपक्षीय संबंधों के लिए व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि यह समझौता किसानों, MSME, स्टार्टअप, मछुआरों, महिलाओं और युवाओं के लिए नए अवसर खोलेगा।
Great news for India and USA!
We have agreed on a framework for an Interim Trade Agreement between our two great nations. I thank President Trump for his personal commitment to robust ties between our countries.
This framework reflects the growing depth, trust and dynamism of… https://t.co/zs1ZLzamhd
— Narendra Modi (@narendramodi) February 7, 2026
संयुक्त बयान में क्या कहा गया
भारत और अमेरिका ने कहा कि यह अंतरिम फ्रेमवर्क पारस्परिक और आपसी रूप से लाभकारी व्यापार को बढ़ावा देगा। यह समझौता कई महीनों की बातचीत और हालिया टैरिफ तनाव के बाद सामने आया है और इसे व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
T20 World Cup 2026 : टी20 वर्ल्ड कप 2026 की आज से शुरु, भारत-अमेरिका की टक्कर; नहीं खेलेंगे बुमराह
अमेरिका ने टैरिफ घटाने का फैसला किया
नए समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लगाए जाने वाले टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करने का फैसला किया है। यह फैसला दोनों देशों के बीच व्यापार को आसान बनाने और भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में बेहतर पहुंच देने के लिए लिया गया है।
भारत अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ घटाएगा
इस फ्रेमवर्क के तहत भारत सभी अमेरिकी औद्योगिक और कृषि उत्पादों पर टैरिफ कम करेगा। इनमें सूखे डिस्टिलर ग्रेन, मेवे, ताजे और प्रोसेस्ड फल, पशु आहार के लिए ज्वार, सोयाबीन तेल, वाइन और स्पिरिट जैसे उत्पाद शामिल हैं।
भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैरिफ
संयुक्त बयान के अनुसार, अमेरिका भारतीय सामानों पर 18 प्रतिशत का पारस्परिक टैरिफ लगाएगा। इसमें हस्तशिल्प, कपड़ा और परिधान, प्लास्टिक और रबर उत्पाद, ऑर्गेनिक केमिकल्स, चमड़ा और जूते, घरेलू सजावट से जुड़े सामान और मशीनरी जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
भारत को मिलने वाले प्रमुख फायदे
इस समझौते से भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में बेहतर पहुंच मिलेगी। जेनेरिक दवाओं, रत्न और हीरे, विमान के पुर्जों जैसे क्षेत्रों को टैरिफ में राहत मिलेगी। MSME, किसान, मछुआरे और महिला उद्यमियों को इससे सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
कुछ उत्पादों को नहीं मिलेगी राहत
इस समझौते के तहत मक्का, गेहूं, चावल, सोया, पोल्ट्री, मांस, दूध, पनीर, इथेनॉल और तंबाकू जैसे उत्पादों पर कोई टैरिफ रियायत नहीं दी जाएगी।
भारत अमेरिका को क्या देगा
भारत अमेरिकी औद्योगिक और कृषि उत्पादों पर टैरिफ घटाएगा और प्रमुख क्षेत्रों में तरजीही बाजार पहुंच देगा। इसके साथ ही भारत अगले कुछ वर्षों में अमेरिका से करीब 500 बिलियन डॉलर के उत्पाद खरीदेगा, जिसमें ऊर्जा, विमान, कीमती धातुएं और तकनीकी उत्पाद शामिल होंगे।
India US Trade Deal impact : भारत-अमेरिका ट्रेड डील का कमाल, सेंसेक्स 2500 अंक उछला
आगे की राह
भारत और अमेरिका दोनों ने कहा है कि वे स्पष्ट नियम, बेहतर रेगुलेटरी समन्वय और बाजार पहुंच को बढ़ाने पर काम करेंगे। दोनों देश एक बड़े द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत जारी रखेंगे, जिससे वैश्विक सप्लाई चेन मजबूत होगी और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।