हाइलाइट्स
- हेमंत कटारे ने उप नेता प्रतिपक्ष पद छोड़ा।
- खड़गे, पटवारी और सिंगार को त्यागपत्र सौंपा।
- सिर्फ पद छोड़ा, कांग्रेस से जुड़ाव जारी रहेगा।
Hemant Katare Resigns : मध्य प्रदेश। भोपाल में एमपी कांग्रेस से जुड़ी एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष रहे हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे की जानकारी प्रदेश कांग्रेस संगठन की ओर से आधिकारिक रूप से दी गई।
शीर्ष नेतृत्व को सौंपा इस्तीफा
हेमंत कटारे ने अपना इस्तीफा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार को सौंपा है। इस संबंध में कांग्रेस के संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने जानकारी साझा की।
इस्तीफे की वजह बताई पारिवारिक जिम्मेदारियां
डॉ. संजय कामले के अनुसार, हेमंत कटारे ने अपने इस्तीफे में पारिवारिक दायित्वों और समय की कमी का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में वे अपने विधानसभा क्षेत्र को उतना समय और ध्यान नहीं दे पा रहे थे, जितनी अपेक्षा थी। इसी कारण उन्होंने उप नेता प्रतिपक्ष के पद से त्यागपत्र देना उचित समझा।
पार्टी की सदस्यता बरकरार
संगठन महासचिव ने स्पष्ट किया कि यह इस्तीफा केवल पद से संबंधित है, पार्टी से नहीं। हेमंत कटारे कांग्रेस पार्टी के साथ पहले की तरह जुड़े रहेंगे और पूरी निष्ठा से संगठन के लिए काम करते रहेंगे।
अंतिम फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष पर
डॉ. संजय कामले ने बताया कि हेमंत कटारे का इस्तीफा स्वीकार किया जाएगा या नहीं, इसका अंतिम निर्णय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विवेक पर निर्भर करेगा। फिलहाल इस पर शीर्ष नेतृत्व की ओर से कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।