Hemant Katare : भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस के उपनेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद विधायक हेमंत कटारे ने सोशल मीडिया पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनके इस्तीफे को लेकर लगाए जा रहे राजनीतिक कयास गलत हैं। इसका BJP में शामिल होने से कोई संबंध नहीं है।
परिवार के साथ समय बिताना संवैधानिक अधिकार
हेमंत कटारे ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनके फोन नहीं उठाने पर बेवजह अटकलें लगाई जा रही हैं, जबकि वे अपनी शादी की सालगिरह पर परिवार के साथ समय बिता रहे थे। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ समय बिताना उनका मूलभूत और संवैधानिक अधिकार है, इसे किसी राजनीतिक साजिश से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
पार्टी के साथ पूरी निष्ठा
उन्होंने BJP पर निशाना साधते हुए लिखा कि “भाजपा को ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है।” साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस उनके स्वर्गीय पिता की विरासत है और वे पार्टी के साथ पूरी निष्ठा से जुड़े हुए हैं। कांग्रेस सूत्रों ने भी बताया कि यह इस्तीफा केवल संगठनात्मक पद से संबंधित है, पार्टी की सदस्यता पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
Red Fort Blast Thread : लाल किले के पास ब्लास्ट की धमकी, चांदनी चौक में बढ़ाई सभी मंदिरों की सुरक्षा
हेमंत कटारे ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि वे सोमवार से विधानसभा में पूरी तैयारी, दस्तावेज और ताकत के साथ मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे जनता से जुड़े मुद्दों जैसे इंदौर के भागीरथपुरा का मामला, शंकराचार्य के अपमान का मुद्दा, प्रदूषण और भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरते रहेंगे।
कटारे ने कहा कि उनकी ताकत किसी पद से नहीं, बल्कि जनता के विश्वास से आती है और उसी के बल पर वे विपक्ष की भूमिका मजबूती से निभाते रहेंगे।
