Helicopter Emergency : लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गए। लखनऊ से कौशांबी के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उनके हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण उसे आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी।
हेलिकॉप्टर के केबिन में अचानक धुआं
यह घटना उस समय हुई जब डिप्टी सीएम लखनऊ के ला मार्ट्स मैदान से हेलिकॉप्टर द्वारा कौशांबी के लिए रवाना हुए थे। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद हेलिकॉप्टर के केबिन में अचानक धुआं भरने लगा और कॉकपिट की डिस्प्ले भी बंद हो गई। इससे हेलिकॉप्टर में मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (अमौसी एयरपोर्ट) पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलते ही हेलिकॉप्टर को वापस लखनऊ की ओर मोड़ा गया और सुरक्षित तरीके से एयरपोर्ट पर उतारा गया।
उपमुख्यमंत्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया
इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जैसे ही हेलिकॉप्टर रनवे पर उतरा, सुरक्षा और तकनीकी टीमों ने तुरंत उसे घेर लिया और उपमुख्यमंत्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को भी चोट नहीं आई।
Gurmeet Ram Rahim : पत्रकार छत्रपति हत्याकांड में गुरमीत राम रहीम बरी, तीन दोषियों की सजा बरकरार
प्राथमिक जांच में इस घटना की वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है। फिलहाल विशेषज्ञों की टीम हेलिकॉप्टर की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उड़ान के दौरान धुआं भरने और सिस्टम बंद होने की असली वजह क्या थी।