हाइलाइट्स
- द्वारका में बाइक-स्कॉर्पियो टक्कर से 23 साल के युवक की मौत।
- मृतक की माँ आरोपी पिता की माफी ठुकराई, न्याय की मांग की।
- साहिल की माँ ने कहा- पति के बाद बेटा ही सब कुछ था।
Delhi SUV Accident : नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। 3 फरवरी को 23 वर्षीय साहिल धनेशरा की मौत के बाद उनकी मां इना माकन गहरे सदमे में हैं और आरोपी नाबालिग के परिवार की माफी स्वीकार करने के मूड में नहीं हैं।
“माफी से मेरी दुनिया वापस नहीं आ सकती”
आरोपी के पिता द्वारा जताए गए दुख पर इना माकन ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी पूरी तरह खत्म हो चुकी है और किसी की माफी उनके बेटे को वापस नहीं ला सकती।
उन्होंने सवाल किया कि अगर यही हादसा आरोपी के परिवार के साथ होता तो क्या वे माफी स्वीकार कर लेते। इना माकन ने बेटे की तस्वीर के साथ कहा कि अब उनके पास न सुबह का कोई मतलब है, न काम पर जाने की कोई वजह। साहिल ही उनकी जिंदगी का सहारा था।
पोस्टग्रेजुएशन के लिए UK जाने वाला था साहिल
23 वर्षीय साहिल जल्द ही पोस्टग्रेजुएशन के लिए यूके जाने वाला था। हादसे के समय वह अपनी बाइक से जा रहा था, तभी सामने से आ रही महिंद्रा स्कॉर्पियो SUV से उसकी टक्कर हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। SUV एक 17 साल का नाबालिग चला रहा था। उसे पहले सुधार गृह भेजा गया, लेकिन बाद में 10वीं की बोर्ड परीक्षा देने के लिए रिहा कर दिया गया।
रील बनाने के आरोप
घटना के बाद यह आरोप भी लगे कि हादसे के वक्त आरोपी की बहन को-ड्राइवर सीट पर बैठकर वीडियो शूट कर रही थी। इस एंगल ने पूरे मामले को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है।
सिंगल मदर का संघर्ष
इना माकन ने बताया कि 2018 में साहिल के पिता की मौत हो गई थी और तब से उन्होंने अकेले बेटे की परवरिश की। उनकी पूरी जिंदगी साहिल को बेहतर भविष्य देने में लगी थी। अब वह अपना रियल एस्टेट बिज़नेस बंद कर न्याय की लड़ाई लड़ने की तैयारी में हैं।
आरोपी के पिता का पक्ष
आरोपी के पिता ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनका बेटा SUV चला रहा था। उन्होंने इसे “गलती” बताते हुए गहरा अफसोस जताया और कहा कि उनका बेटा भी इस घटना के बाद सदमे में है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका बेटा पढ़ाई में अच्छा है, उसे स्कूल से कई अवॉर्ड मिले हैं और उसकी उपस्थिति व परिणाम भी अच्छे रहे हैं।