Delhi Bomb Threat : नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर बड़ा अलर्ट जारी हुआ है। दिल्ली विधानसभा और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को बम धमाके की ईमेल से धमकी मिली है। यह धमकी भरे ईमेल सुबह 7:28 बजे और 7:49 बजे भेजे गए, जिसके बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। बता दें कि, दिल्ली सरकार का आज बजट पेश होने वाला है लेकिन उससे पहले ही बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है।
विधानसभा और मेट्रो स्टेशन को बनाया निशाना
धमकी भरे ईमेल में दिल्ली विधानसभा परिसर के साथ-साथ पास स्थित दिल्ली मेट्रो के विधानसभा स्टेशन पर भी विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद तुरंत पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया और सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।
MP Cabinet Decision : AI मिशन से लेकर महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी तक पढ़िए कैबिनेट के बड़े फैसले
बड़े नेताओं के नाम का भी जिक्र
ईमेल में कई बड़े नेताओं के नाम का भी उल्लेख किया गया है, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा के नाम शामिल हैं। इसके अलावा उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू का भी जिक्र किया गया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
सुरक्षा जांच तेज, कार्यवाही स्थगित
धमकी मिलने के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी शुरू कर दी है। स्पीकर के कमरे की भी जांच जारी है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए सदन की कार्यवाही को फिलहाल सुबह 11:30 बजे तक स्थगित कर दिया गया है।
जांच एजेंसियां अलर्ट मोड पर
फिलहाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई हैं। साइबर टीम भी इस मामले की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी असली है या किसी शरारती तत्व की हरकत। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।