हाइलाइट्स
- वैभव सूर्यवंशी ने 10वीं बोर्ड परीक्षा नहीं देने का फैसला लिया।
- व्यस्त शेड्यूल के कारण पूरा ध्यान क्रिकेट करियर पर।
- पिता बोले- वैभव अगले साल देगा एग्जाम।
Vaibhav Suryavanshi : समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर से निकलकर क्रिकेट की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाने वाले युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने इस साल 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल न होने का फैसला किया है। वह सीबीएसई बोर्ड से पढ़ाई कर रहे हैं लेकिन फिलहाल उनका पूरा ध्यान क्रिकेट करियर पर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक व्यस्त क्रिकेट शेड्यूल के कारण उन्हें परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा था, जिसके चलते उन्होंने यह निर्णय लिया।
एडमिट कार्ड जारी, फिर भी नहीं देंगे परीक्षा
वैभव ताजपुर प्रखंड के मॉडेस्टी स्कूल के छात्र हैं। 17 फरवरी से शुरू होने वाली सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए उनका एडमिट कार्ड भी जारी हो चुका था। उनका परीक्षा केंद्र शहर के पोदार इंटरनेशनल स्कूल में निर्धारित किया गया था।
स्कूल प्रशासन ने पहले बताया था कि परीक्षा से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। हालांकि, बाद में परिवार और स्कूल प्रबंधन से चर्चा के बाद यह तय हुआ कि वह इस वर्ष परीक्षा में शामिल नहीं होंगे।
Stock Market Today : लाल निशान में खुला शेयर बाजार, मेटल शेयरों पर दबाव
IPL और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की तैयारी
अगले महीने से आईपीएल (Indian Premier League) का नया सीजन शुरू होने वाला है। वैभव ने पिछले साल आईपीएल में डेब्यू कर सबसे युवा खिलाड़ियों में जगह बनाई थी।
इतना ही नहीं, उन्होंने लीग इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ियों में भी अपना नाम दर्ज कराया। वह राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) की ओर से खेल चुके हैं और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींच चुके हैं।
AI vs Human : AI से नौकरी जाएगी या बनेगा नया करियर? क्या कहती है ICRIER रिपोर्ट?
भीड़ और सुरक्षा बनी चुनौती
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राकेश तिवारी ने बताया कि वैभव जहां भी जाते हैं, वहां हजारों की संख्या में लोग जुट जाते हैं। उनकी लोकप्रियता को देखते हुए परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था भी एक बड़ी चुनौती बन सकती थी। ऐसे में उनके लिए वैकल्पिक परीक्षा व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है, ताकि वह भविष्य में परीक्षा दे सकें।
वैभव सूर्यवंशी के पिता ने कहा कि बेटे का फोकस फिलहाल सिर्फ क्रिकेट पर है और वह इस साल एग्जाम नहीं दे पाएगा। वहीं, इस बीच उन्होंने यह भी कहा कि वैभव अगले साल एग्जाम देने की पूरी कोशिश करेगा। वैभव का पूरा ध्यान क्रिकेट पर है। वह ट्रेनिंग में भी काफी व्यस्त है।
अंडर-19 में भी शानदार प्रदर्शन
वैभव ने हाल ही में अंडर-19 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा माना जा रहा है। कई क्रिकेट विशेषज्ञ तो उन्हें जल्द ही सीनियर भारतीय टीम में मौका देने की मांग भी कर रहे हैं।
फिलहाल वैभव सूर्यवंशी का लक्ष्य अपने खेल को और निखारना और बड़े टूर्नामेंट्स में टीम के लिए मैच जिताऊ प्रदर्शन करना है। शिक्षा और क्रिकेट के बीच संतुलन की चुनौती के बावजूद उन्होंने अभी अपने करियर को प्राथमिकता दी है।