हाइलाइट्स
- 17 फरवरी से CBSE के 10वीं-12वीं बोर्ड एग्जाम शुरू।
- 10वीं में गणित, 12वीं में बायोटेक्नोलॉजी से शुरु हुए पेपर।
- CCTV और जांच से नकलमुक्त परीक्षा का इंतजाम।
CBSE Board Exam 2026 : नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गई हैं। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तय किया गया है। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों और अभिभावकों की भीड़ देखने को मिली और छात्रों में उत्साह के साथ हल्की घबराहट भी नजर आई।
संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी
परीक्षाओं को नकलमुक्त और निष्पक्ष बनाने के लिए बोर्ड ने सख्त इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जबकि संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रवेश से पहले छात्रों की जांच भी की जा रही है।
10वीं में 25 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स
इस साल 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 25,08,319 परीक्षार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें 14,08,546 छात्र और 10,99,773 छात्राएं शामिल हैं। 10वीं के लिए देशभर में 8,075 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
12वीं में 18.5 लाख से अधिक परीक्षार्थी
12वीं बोर्ड परीक्षा में 18,59,551 छात्र शामिल हो रहे हैं। इनमें 10,27,552 छात्र और 8,31,999 छात्राएं हैं। 12वीं के लिए 7,574 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। आज 12वीं की परीक्षा बायोटेक्नोलॉजी, उद्यमिता और शॉर्टहैंड विषय से शुरू हुई।
Surya Grahan 2026 : साल 2026 का पहला सूर्य ग्रहण 17 फरवरी को, जानें क्या करें क्या न करें
10वीं का पहला पेपर गणित
10वीं बोर्ड की परीक्षा की शुरुआत गणित बेसिक और गणित स्टैंडर्ड पेपर से हुई। वहीं पहले चरण में 3856 केंद्रों पर करीब 9 लाख छात्रों ने परीक्षा दी।
भोपाल रीजन में 1.25 लाख परीक्षार्थी
भोपाल रीजन की बात करें तो यहां लगभग 1.25 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। सभी केंद्रों पर प्रशासन की विशेष नजर है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
IND vs PAK Match Highlights : भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से रौंदा, ईशान किशन के मुरीद हुए तेंदुलकर
समय से पहले पहुंचने के निर्देश
छात्रों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। एडमिट कार्ड के बिना प्रवेश नहीं दिया गया और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा।