Bhopal Crime News : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अशोका गार्डन हत्याकांड के बाद अब रंभा नगर इलाके से चाकूबाजी की गंभीर घटना सामने आई है, जहां घूरने के एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात रंभा नगर में घूरने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिसमें 6 लोगों ने मिलकर एक युवक की जमकर पिटाई कर दी।
हमलावरों ने युवक के पेट और हाथ में चाकू से तीन वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज हमीदिया अस्पताल (Hamidia Hospital) में चल रहा है।
क्या है पूरा मामला
गौतम नगर पुलिस स्टेशन के अनुसार, गुलफाम (31) पुत्र मोहम्मद जुबैर रंभा नगर क्षेत्र में रहता है और बाग फरहत अफजा इलाके में लेडीज टेलर की दुकान चलाता है।
रविवार रात गुलफाम रंभा नगर में खड़ा था, तभी वहां रहने वाले साजिद मौलाना ने उसे घूरने को लेकर टोका। इस बात पर दोनों के बीच बहस हो गई।
घर के पास रोककर किया हमला
सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात जब गुलफाम अपने घर जा रहा था, तभी साजिद और उसके बेटे ने उसे रास्ते में रोक लिया। दोनों ने फिर उसी बात को लेकर विवाद शुरू किया और मारपीट करने लगे।
MP Wheat Procurement : तीसरी बार बढ़ी गेहूं खरीद की तारीख, अब इस डेट पर होगी MSP पर गेहूं खरीदी
शोर सुनकर साजिद का भाई शाहजाद, उसका बेटा, साहिल बच्चा और बिलाल बच्चा भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर गुलफाम पर हमला कर दिया।
चाकू से किए वार, आरोपी फरार
हमले के दौरान साहिल और बिलाल ने चाकू से गुलफाम पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद सभी आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घायल को अस्पताल लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।