Bhopal Conversion Update : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में देह व्यापार और जबरन धर्मांतरण से जुड़े एक संगठित नेटवर्क का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम जांच के लिए अहमदाबाद रवाना हो गई है, जहां से कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। आरोपियों को एक मार्च तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पांच से छह युवतियों के शोषण की जानकारी
पुलिस जांच में अब तक पांच से छह युवतियों के शारीरिक शोषण की बात सामने आई है। मुख्य आरोपियों की पहचान दो सगी बहनों अमरीन उर्फ माहिरा और आफरीन के रूप में हुई है, जिन्हें ब्यूटीशियन बताया जा रहा है। दोनों के मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेजे गए हैं, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
अब्बास नगर से सागर रॉयल विला तक फैला नेटवर्क
जानकारी के अनुसार यह पूरा नेटवर्क पहले अब्बास नगर इलाके से संचालित हो रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के बाद आरोपी होशंगाबाद रोड स्थित पॉश सागर रॉयल विला में शिफ्ट हो गए। रहवासियों का कहना है कि यहां देर रात लग्जरी गाड़ियों का आना-जाना और युवतियों की आवाजाही आम बात थी।
पीड़िता ने सुनाई आपबीती
न्यू मार्केट में कपड़े की दुकान पर काम करने वाली एक युवती ने पुलिस को शिकायत में बताया कि जून 2024 में उसकी मुलाकात संजना नाम की लड़की से हुई थी।
उसी के जरिए वह अमरीन के संपर्क में आई। आरोप है कि अगस्त 2025 में चंदन यादव नाम के युवक ने नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।
पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर उसे धमकाया जाता था और पार्टियों व क्लबों में ले जाया जाता था। उसे अहमदाबाद तक ले जाकर भी शोषण किए जाने का आरोप लगाया गया है।
धर्म परिवर्तन का दबाव
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह की एक सदस्य संजना ने कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कर अपना नाम जन्नत रख लिया और अमरीन के भाई से शादी कर ली। पीड़िता पर भी धर्म बदलने और शादी करने का दबाव बनाया जा रहा था।
पुलिस की तलाश जारी
इस पूरे मामले की जांच बागसेवनिया थाना पुलिस कर रही है। पुलिस ने अमरीन और चंदन यादव को रिमांड पर लिया है, जबकि आफरीन को जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों यासिर, बिलाल और जन्नत की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िताओं के बयान के आधार पर दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन का केस दर्ज किया गया है। अगर जांच में और पीड़ित सामने आते हैं तो उनके बयान के आधार पर अलग से अपराध दर्ज किए जाएंगे।
Bhopal Conversion : सगी बहनें आफरीन-अमरीन चला रही थी धर्मांतरण और सेक्स स्कैंडल का गोरख धंधा
अहमदाबाद से खुल सकते हैं राज
पुलिस को शक है कि यह नेटवर्क भोपाल के अलावा अन्य शहरों तक फैला हुआ है। इसी वजह से एक टीम को अहमदाबाद भेजा गया है, जहां से मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है और पूरे गिरोह की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी।