PM जीवन ज्योति बीमा योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, जिंदा लोगों को कागजों पर मरा दिखाकर हड़पे साढ़े 9 करोड़
इस मामले में 482 से ज्यादा संदिग्ध बैंक खातों की पड़ताल की जा रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि धोखाधड़ी में किन लोगों की भूमिका रही और बीमा क्लेम के जरिए निकाली गई रकम किन खातों में पहुंची।
MP News: मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत करीब साढ़े 9 करोड़ रुपये के कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीमा की रकम हासिल करने के लिए जिंदा लोगों को रिकॉर्ड में मृत दिखाया गया और फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्रों के आधार पर क्लेम किए गए। जांच एजेंसियां अब इस मामले में संदिग्ध बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों और मृत्यु प्रमाणपत्रों की जांच कर रही हैं।
484 से ज्यादा संदिग्ध बैंक खातों की जांच
जानकारी के मुताबिक इस मामले में 482 से ज्यादा संदिग्ध बैंक खातों की पड़ताल की जा रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि धोखाधड़ी में किन लोगों की भूमिका रही और बीमा क्लेम के जरिए निकाली गई रकम किन खातों में पहुंची। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि पॉलिसियां किसके नाम पर ली गई थीं, प्रीमियम किसने जमा किया और क्लेम की प्रक्रिया में किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। यह भी जांच की जा रही है कि जिन लोगों के नाम पर बीमा था, उन्हें कथित फर्जीवाड़े की जानकारी थी या नहीं।
फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्रों से क्लेम का आरोप
जांच में सामने आए कथित तरीके के अनुसार, कुछ लोगों को दस्तावेजों में मृत दिखाकर बीमा क्लेम पेश किए गए। इसके बाद बीमा की रकम हासिल करने की कोशिश की गई। कुछ मामलों में बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ईमेल आईडी के इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है। एजेंसियां रिकॉर्ड का मिलान कर यह पता लगाने में जुटी हैं कि पूरा मामला किस तरह अंजाम दिया गया।
जांच में क्या पता लगाया जा रहा है?
जांच एजेंसियां संदिग्ध खातों में हुए लेन-देन, बीमा क्लेम के दस्तावेजों और मृत्यु प्रमाणपत्रों का मिलान कर रही हैं। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि कथित धोखाधड़ी में किसी बैंक कर्मचारी, बीमा एजेंट या अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में जिम्मेदार लोगों और रकम के इस्तेमाल से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
क्या है प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना?
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना केंद्र सरकार की जीवन बीमा योजना है। इसमें पात्र खाताधारकों को सालाना प्रीमियम के बदले दो लाख रुपये का जीवन बीमा कवर मिलता है। बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर नियमों के अनुसार उसके नामित व्यक्ति को बीमा राशि दी जाती है।
इस योजना का मकसद आम लोगों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देना है। कथित फर्जीवाड़े में इसी व्यवस्था का गलत इस्तेमाल किए जाने का आरोप है।