MP IAS Transfers : मप्र में आधी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 20 IAS अधिकारियों के तबादले, 6 जिलों को मिले नए कलेक्टर
MP IAS Transfers : नए मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के पदभार संभालने के 24 घंटे के भीतर यह बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की गई।
MP IAS Transfers : भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने आधी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। नए मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के पदभार संभालने के 24 घंटे के भीतर यह बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की गई। इस फैसले में छह जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारियों को नए विभागों और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों की कमान सौंपी गई है। सरकार का यह कदम आगामी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्य सचिव बनने के बाद पहला बड़ा फैसला
नए मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के कार्यभार संभालने के अगले ही दिन राज्य सरकार ने व्यापक स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए। अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा को मंत्रालय से हटाकर प्रशासन अकादमी का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
वहीं इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम पी. खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव बनाया गया है। उनकी जगह भास्कर लक्षकार को इंदौर संभाग का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस फेरबदल को सरकार की नई प्रशासनिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाले Global Investors Summit 2027 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें उद्योग और एमएसएमई विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। सरकार का मानना है कि उनके अनुभव से निवेश और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
इसी क्रम में प्रमुख सचिव मनीष सिंह को ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि के.सी. गुप्ता को एपीसी के साथ उद्यानिकी विभाग का दायित्व सौंपा गया है। संदीप यादव को जल संसाधन विभाग के साथ केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं तथा एनवीडीए की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदर्शन के आधार पर मिली नई जिम्मेदारियां
सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव अजय कटेसरिया को पदोन्नति नियमों के सफल क्रियान्वयन और समान नागरिक संहिता से जुड़े कार्यों में अहम भूमिका निभाने के बाद रतलाम का नया कलेक्टर बनाया गया है। कुमार पुरुषोत्तम को मंडी बोर्ड के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं राघवेन्द्र सिंह को उद्योग वर्ष के सफल संचालन के बाद वन विभाग जैसा महत्वपूर्ण विभाग सौंपा गया है। इन नियुक्तियों को बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों के प्रति सरकार के भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
छह जिलों में बदले गए कलेक्टर
राज्य सरकार ने छह जिलों में नए कलेक्टर नियुक्त किए हैं। अजय कटेसरिया को रतलाम, मिशा सिंह को शहडोल, रत्नाकर झा को अनूपपुर, गुरु प्रसाद को खरगोन, दिव्यांक सिंह को मंदसौर और डॉ. शेर सिंह मीना को आगर मालवा का नया कलेक्टर बनाया गया है।
वहीं शहडोल के पूर्व कलेक्टर केदार सिंह को लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है। मंदसौर की पूर्व कलेक्टर अदिति गर्ग को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में ओएसडी सह आयुक्त बनाया गया है।
आगर मालवा की पूर्व कलेक्टर प्रीति यादव को औद्योगिक विकास निगम, इंदौर का कार्यकारी संचालक बनाया गया है। खरगोन की पूर्व कलेक्टर भव्या मित्तल के अध्ययन अवकाश पर जाने के कारण वहां गुरु प्रसाद को नई जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासनिक बदलावों के क्या हैं मायने
राज्य सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल आने वाले बड़े निवेश कार्यक्रमों, औद्योगिक विकास, कृषि, ऊर्जा और जल संसाधन परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से किया गया माना जा रहा है।
.jpg)