MP Minar Rape : कॉन्स्टेबल पर नाबालिग छात्रा से रेप की FIR, बर्थडे के बहाने बुलाकर बंधक बनाया; बेटे ने बाहर दिया पहरा
MP Minar Rape : पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने अपनी बेटी के जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर छात्रा को मिलने के लिए बुलाया था।
MP Minar Rape : मध्य प्रदेश। भोपाल में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के बाद विशेष सशस्त्र बल (SAF) में पदस्थ दो आरक्षकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने अपनी बेटी के जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर छात्रा को मिलने के लिए बुलाया था। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जन्मदिन पार्टी का बहाना बनाकर बुलाने का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी कॉन्स्टेबल संतोष सेन, जो पीड़िता का पड़ोसी बताया जा रहा है, ने 22 जुलाई की शाम एक परिचित महिला के मोबाइल फोन से छात्रा को कॉल किया। उसने अपनी बेटी के जन्मदिन समारोह में आने का निमंत्रण दिया।
शाम करीब 6:30 बजे छात्रा लाल परेड मैदान के पास पहुंची, जहां आरोपी अपने साथी आरक्षक जितेंद्र राजपूत और उसके छोटे बेटे के साथ कार में मौजूद था। इसके बाद छात्रा को एमपी नगर स्थित एक मकान पर ले जाया गया, जहां उसके साथ कथित दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
दूसरे आरोपी पर सहयोग करने का आरोप
जांच में सामने आया है कि घटना के दौरान दूसरा आरोपी आरक्षक जितेंद्र राजपूत मकान के बाहर मौजूद था। पुलिस के अनुसार, उस पर मुख्य आरोपी की मदद करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल जांच जारी है और मामले से जुड़े हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।
जीरो FIR के बाद दर्ज हुआ मामला
पीड़िता की शिकायत पहले कमला नगर थाने में जीरो एफआईआर के रूप में दर्ज की गई थी। इसके बाद मामला जहांगीराबाद थाना पुलिस को स्थानांतरित किया गया, जहां विधिवत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस जुटा रही साक्ष्य, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही पीड़िता के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार अगली कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।