Delhi Protest : आज डबल प्रदर्शन! जंतर-मंतर पर CJP तो शंभू-खनौरी बॉर्डर पर किसानों का जमावड़ा
Delhi Protest : प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
Delhi Protest : नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर विरोध प्रदर्शनों का दौर तेज हो गया है। एक ओर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन लगातार जारी है, जबकि दूसरी ओर भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में पंजाब समेत कई राज्यों के हजारों किसान दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं। दोनों प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन लगातार जारी
सोमवार को हुए हंगामे और पुलिस कार्रवाई के बाद भी CJP के समर्थक मंगलवार को फिर जंतर-मंतर पर एकत्र हुए। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने संसद मार्च निकालने की भी घोषणा की है। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद हैं और पुलिस लगातार हालात पर नजर रख रही है। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी तरह की अव्यवस्था या हिंसक स्थिति पैदा न होने पाए।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों का दिल्ली कूच
पंजाब और अन्य राज्यों से हजारों किसान दिल्ली में प्रस्तावित महापंचायत में शामिल होने के लिए रवाना हुए हैं। किसान संगठन 'देश बचाओ मोर्चा' के आह्वान पर अमृतसर, गुरदासपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान शंभू बॉर्डर के रास्ते राजधानी पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से भारतीय कृषि, डेयरी उद्योग और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इसी मांग को लेकर वे सरकार से इस समझौते को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
शंभू बॉर्डर और खनौरी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
किसानों के दिल्ली कूच की घोषणा के बाद शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। प्रशासन ने इलाके में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 लागू कर दी है। सड़क के दोनों ओर भारी बैरिकेडिंग की गई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है।
वहीं हरियाणा पुलिस ने खनौरी के पास भी किसानों को आगे बढ़ने से रोक दिया है। भारतमाला-जम्मू-कटड़ा एक्सप्रेसवे पर भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
प्रशासन हाई अलर्ट पर
राजधानी में एक साथ दो बड़े विरोध प्रदर्शन होने के कारण दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। जंतर-मंतर, संसद मार्ग, शंभू बॉर्डर और अन्य संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। वहीं प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर कायम हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में स्थिति पर सभी की नजर बनी रहेगी।