CM Mohan Yadav : CM मोहन यादव ने बीच रास्ते रोका काफिला! दिव्यांग को 500 रुपये में देकर पीठ थपथपाई
CM Mohan Yadav : मुख्यमंत्री का काफिला आगे बढ़ा, तभी सड़क किनारे भुट्टा बेच रहे एक दिव्यांग युवक की आवाज सुनकर उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया।
CM Mohan Yadav : मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को झाबुआ जिले के भाबरा में आयोजित किसान बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होने के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुए। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर धार जिले के राजगढ़ फोरलेन चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। स्वागत के बाद जब मुख्यमंत्री का काफिला आगे बढ़ा, तभी सड़क किनारे भुट्टा बेच रहे एक दिव्यांग युवक की आवाज सुनकर उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया। मुख्यमंत्री का यह मानवीय व्यवहार वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
दिव्यांग विक्रेता के आग्रह पर रुका मुख्यमंत्री का काफिला
राजगढ़ फोरलेन चौराहे के पास दिव्यांग हिम्मत चौहान भुट्टे की छोटी-सी दुकान लगाकर अपनी रोजी-रोटी चला रहे थे। मुख्यमंत्री का काफिला गुजरते देख उन्होंने भुट्टा खाने का आग्रह किया।
उनकी आवाज सुनते ही मुख्यमंत्री ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और वाहन से उतरकर सीधे उनकी दुकान पर पहुंचे। अचानक मुख्यमंत्री को अपनी दुकान पर देखकर हिम्मत चौहान भी भावुक हो गए। वहां मौजूद लोगों ने भी इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
भुट्टा खरीदा, बातचीत की और 500 रुपये दिए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हिम्मत चौहान से भुट्टा खरीदा और उनसे कुछ देर बातचीत की। उन्होंने उनके काम और मेहनत की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उनकी पीठ थपथपाकर उनका उत्साह बढ़ाया और भुट्टे के बदले 500 रुपये दिए। इस दौरान उन्होंने आत्मनिर्भरता और मेहनत की भावना की भी प्रशंसा की। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार को लोगों ने संवेदनशील और प्रेरणादायक बताया।
किसान महोत्सव के लिए भाबरा हुए रवाना
दिव्यांग विक्रेता से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री का काफिला झाबुआ जिले के भाबरा के लिए रवाना हो गया। वहां उन्होंने किसान बलराम कृषि महोत्सव सहित अन्य कार्यक्रमों में भाग लिया।
राजगढ़ में मुख्यमंत्री के स्वागत के दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।