CJP Nationwide Protest : 24 जुलाई को देशभर में CJP का प्रदर्शन, छात्रों से आंदोलन में शामिल होने की अपील
CJP Nationwide Protest : CJP का कहना है कि यह आंदोलन पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय करने और छात्रों की आवाज सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
CJP Nationwide Protest : नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के प्रदर्शन के बीच CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) ने बड़ा ऐलान किया है। संगठन ने 24 जुलाई को देशभर में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। CJP ने छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। यह प्रदर्शन पेपर लीक मामलों और छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर किया जाएगा। प्रदर्शनकारी लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
24 जुलाई को देशभर में प्रदर्शन का आह्वान
CJP ने गुरुवार को एक डिजिटल पंफलेट जारी कर देशव्यापी प्रदर्शन की जानकारी दी। संगठन ने छात्रों, युवाओं और समर्थकों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करें और छात्रों के मुद्दों के समर्थन में एकजुटता दिखाएं। CJP का कहना है कि यह आंदोलन पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय करने और छात्रों की आवाज सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
हर जिले में एक दिन के प्रदर्शन की तैयारी
संगठन की ओर से जारी पोस्टर में "Every District. One Day. One Demand." का संदेश दिया गया है। इसके तहत देश के अलग-अलग जिलों में एक दिन के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करने की अपील की गई है। CJP ने छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों से स्थानीय स्तर पर प्रशासन से अनुमति लेने और प्रदर्शन की जरूरी तैयारियां पूरी करने को कहा है। संगठन का दावा है कि यह प्रदर्शन उन लोगों के समर्थन में होगा, जिन्हें आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
डिजिटल पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल
CJP की ओर से जारी डिजिटल लेटर और पोस्टर सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किए जा रहे हैं। इसमें लोगों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है। संगठन ने कहा है कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से रखा जाएगा। साथ ही पुलिस कार्रवाई का सामना करने वाले लोगों के प्रति समर्थन और एकजुटता व्यक्त की जाएगी।
SOP और ज्ञापन का प्रारूप जारी
CJP ने बताया कि प्रदर्शन से जुड़ी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP), प्रचार सामग्री और ज्ञापन का प्रारूप संगठन की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। संगठन ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों से तय दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पोस्टर के अंत में इंकलाब जिंदाबाद और भारत माता की जय जैसे नारों के साथ लोगों से शांतिपूर्ण आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है।