Bhopal News: नगर निगम ऑफिस में सीनियर-जूनियर अफसर भिड़े, AHO बोले- इस्तीफा साथ रखता हूं !
Bhopal News: भोपाल नगर निगम में बैठक के बाद दो अधिकारियों में विवाद हो गया। AHO बलवीर मलिक ने इस्तीफा साथ रखने की बात कही, जबकि बहस का वीडियो वायरल हो गया।
Bhopal News: भोपाल नगर निगम मुख्यालय में शनिवार को बैठक के बाद दो अधिकारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों को बीच-बचाव करना पड़ा। हेल्थ ऑफिसर सुमंदर शर्मा और असिस्टेंट हेल्थ ऑफिसर बलवीर मलिक के बीच कहासुनी और नोकझोंक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विवाद के दौरान बलवीर मलिक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वह अपना इस्तीफा साथ रखते हैं और मंत्री की भी नहीं सुनते।
बैठक के बाद दोनों अधिकारियों में हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, भोपाल नगर निगम मुख्यालय में शनिवार को सभी दारोगाओं की बैठक बुलाई गई थी। बैठक खत्म होने के बाद अधिकारी और कर्मचारी बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान नरेला विधानसभा क्षेत्र के जोन-9 के हेल्थ ऑफिसर सुमंदर शर्मा और असिस्टेंट हेल्थ ऑफिसर बलवीर मलिक के बीच किसी मुद्दे को लेकर बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते दोनों के बीच बहस तेज हो गई और मामला तीखी नोकझोंक तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को शांत कराने की कोशिश की।
जूते से मारने की कोशिश का आरोप
विवाद के दौरान स्थिति और बिगड़ गई। खबर के मुताबिक, AHO बलवीर मलिक ने हेल्थ ऑफिसर सुमंदर शर्मा को जूते से मारने का प्रयास भी किया। हालांकि, वहां मौजूद कर्मचारियों ने बीच में आकर दोनों को रोक दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
‘इस्तीफा साथ रखता हूं, मंत्री की भी नहीं सुनता’
विवाद के दौरान बलवीर मलिक काफी नाराज नजर आए। उन्होंने अपनी जीप से एक कागज निकालते हुए कहा कि वह अपना इस्तीफा साथ रखते हैं। वायरल वीडियो में उन्हें यह कहते हुए भी सुना जा सकता है कि वह मंत्री की भी नहीं सुनते हैं।
मलिक ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार जबरन जलील किया जा रहा है। उनका कहना था कि बैठक के दौरान भी उनके साथ बदसलूकी की गई और पिछले कुछ समय से इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है। इसी वजह से वह गुस्से में आ गए।
स्पॉट फाइन को लेकर शुरू हुई थी बहस
वहीं हेल्थ ऑफिसर सुमंदर शर्मा ने विवाद की वजह को लेकर अलग जानकारी दी। उनके मुताबिक, नरेला क्षेत्र में स्पॉट फाइन को लेकर चर्चा हो रही थी। इसी मुद्दे पर बातचीत के दौरान बलवीर मलिक नाराज हो गए और बहस शुरू हो गई।
मलिक का कहना है कि उनके साथ लगातार गलत व्यवहार किया जा रहा है, जबकि शर्मा के मुताबिक विवाद की शुरुआत स्पॉट फाइन को लेकर हुई बातचीत से हुई। दोनों अधिकारियों के अलग-अलग दावों के बीच अब वायरल वीडियो को लेकर नगर निगम में भी चर्चा तेज है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों के बीच हुई इस नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों अधिकारियों के बीच बहस और कर्मचारियों द्वारा उन्हें रोकने की कोशिश दिखाई दे रही है। फिलहाल यह मामला नगर निगम के अधिकारियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
