AI Summit Protest : नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रोटेस्ट के मामले में उदय भानु चिब को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कांग्रेस के एक सांसद के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और फिलहाल उन्हें तिलक मार्ग थाने में रखा गया है। पुलिस स्टेशन के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और वहां CRPF तथा दिल्ली पुलिस के जवान तैनात हैं। हालांकि इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
20 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तारी
गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने उदय भानु चिब को करीब 20 घंटे तक हिरासत में रखकर पूछताछ की। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है। तिरुवल्लुर से सांसद शशिकांत सेंथिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि लंबे समय तक पूछताछ के बाद सुबह चार बजे की गई यह गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर गर्व जताते हुए कहा कि युवाओं की आवाज के लिए लड़ाई जारी रहेगी।
कांग्रेस ने कार्रवाई की निंदा की
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने भी दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र का मूल अधिकार है, कोई अपराध नहीं।
Ayudh Ground Report : झाबुआ में खत्म हो जाएँगे हिंदू? अवैध धर्मांतरण के खेल पर आयुध की पड़ताल
उनका कहना है कि यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया था और सरकार को सभी गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा करना चाहिए तथा उनके खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने चाहिए।
अब तक 7 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में अब तक कुल सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सोमवार को पुलिस ने एक और आरोपी जितेंद्र सिंह यादव को ग्वालियर से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक तीन से चार अन्य आरोपी भी रडार पर हैं।
भारत मंडपम में हुआ था शर्टलेस प्रोटेस्ट
पुलिस के अनुसार 20 फरवरी को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के 11 कार्यकर्ताओं ने अचानक शर्टलेस होकर विरोध प्रदर्शन किया था।
सभी प्रदर्शनकारी जैकेट और स्वेटर के नीचे प्रधानमंत्री की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंचे थे। हॉल नंबर-5 में प्रवेश करने के बाद उन्होंने कमीज उतारकर नारेबाजी शुरू कर दी।
मौके से चार कार्यकर्ता पकड़े गए थे
घटना के समय पुलिस ने चार लोगों- कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिंह यादव – को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। 21 फरवरी को अदालत ने उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन में इस्तेमाल किए गए टी-शर्ट और पोस्टर एक आरोपी की कार से बरामद किए गए हैं।