Chaitanyananda Saraswati: दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट (SIIM) के पूर्व संचालक स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी पर 17 छात्राओं ने यौन शोषण, अश्लील मैसेज और गलत भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। सभी छात्राएं संस्थान में EWS स्कॉलरशिप के तहत PGDM की पढ़ाई कर रही थी।
छात्राओं का आरोप है कि स्वामी छेड़छाड़ करता था और कॉलेज की महिला फैकल्टी व कर्मचारी उसे बचाते थे, उल्टा छात्राओं पर दबाव डालते थे। इस मामले में 4 अगस्त 2025 को FIR दर्ज हुई और 9 अगस्त को आरोपी को पद से हटा दिया गया।
दिल्ली पुलिस ने संस्थान का CCTV फुटेज कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इंस्टिट्यूट के बेसमेंट से आरोपी की वोल्वो कार जब्त की है, जिस पर फर्जी यूनाइटेड नेशंस की नंबर प्लेट लगी थी।
पुलिस के अनुसार, अब तक 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 17 ने सीधे-सीधे यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। आरोपी की आखिरी लोकेशन आगरा में पाई गई है और दिल्ली पुलिस यूपी पुलिस की मदद से उसकी तलाश कर रही है।
इस मामले पर कर्नाटक स्थित श्रृंगेरी शारदा पीठ ने बयान जारी कर कहा है कि स्वामी चैतन्यानंद के आचरण अवैध हैं और पीठ का अब उससे कोई संबंध नहीं है।
READ MORE: UNHRC में भारत ने पाकिस्तान को सुनाई खरी-खोटी, आतंकवाद और मानवाधिकारों पर घेरा