India criticizes Pakistan: जिनेवा में आयोजित संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) के 60वें सत्र में भारत ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ दिए गए भड़काऊ बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
भारत ने कहा कि पाकिस्तान को अपने ही नागरिकों पर बम बरसाने और आतंकवाद को बढ़ावा देने से फुर्सत मिले, तब वो अपनी अर्थव्यवस्था और मानवाधिकारों की हालत सुधारने पर ध्यान दे सकेगा। भारत ने खैबर पख्तूनख्वा में पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई हवाई कार्रवाई में आम नागरिकों की मौत का मुद्दा भी उठाया।
भारत ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान बार-बार UN मंच का दुरुपयोग कर रहा है और झूठे आरोप लगाकर ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है। क्षितिज त्यागी ने कहा कि पाकिस्तान पहले अवैध रूप से कब्जाए गए भारतीय क्षेत्र खाली करे और अपनी सेना के दबदबे वाली राजनीति को सुधारे।
भारत ने साफ कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और पाकिस्तान को आतंकियों को पनाह देना बंद करना चाहिए। साथ ही, UNHRC से आग्रह किया कि वह सभी देशों के साथ निष्पक्ष और समान व्यवहार करे।
भारत की इस सख्त प्रतिक्रिया ने एक बार फिर पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेनकाब कर दिया।
READ MORE: बिहार में पहली बार CWC की बैठक; सोनिया-राहुल समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल