Teachers Day: भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के शिक्षकों को अब चौथा क्रमोन्नति वेतनमान मिलेगा। इसके लिए जल्द ही कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा।
सीएम ने बताया कि इस फैसले से सरकार पर 117 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार आएगा। लेकिन उन्होंने कहा कि यह बोझ नहीं, बल्कि आनंद की अनुभूति है। इससे 1.50 लाख से ज्यादा शिक्षकों को फायदा होगा। खासतौर पर वे शिक्षक जिन्हें 35 साल सेवा पूरी होने के बाद भी पदोन्नति नहीं मिल पाई है।
कार्यक्रम में सीएम ने 55 लाख छात्रों को भी बड़ी सौगात दी। उनके खातों में स्कूल यूनिफॉर्म के लिए 330 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। इस दौरान 14 उत्कृष्ट शिक्षकों को 25 हजार रुपये, शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
सीएम यादव ने कहा कि हमारे सरकारी स्कूल अब देशभर के निजी और बड़े बोर्ड को टक्कर दे रहे हैं। बच्चे कठिन परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। यही शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है।
कार्यक्रम में सीएम ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मशीनें ज्ञान दे सकती हैं, लेकिन संस्कार केवल गुरु ही दे सकते हैं। एआई के दौर में भी गुरु की भूमिका अमूल्य है।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भी समारोह में शिरकत की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के इस समय में बच्चों को अनुशासन और सकारात्मक माहौल देना जरूरी है। शिक्षक और अभिभावक मिलकर बच्चों को मजबूत बनाएं।
गौरतलब है कि शिक्षक दिवस के मौके पर सीएम ने शिक्षकों को यह बड़ा तोहफा दिया। अब 2025-26 से शिक्षकों को चौथे क्रमोन्नति वेतनमान का लाभ मिलना शुरू होगा।
READ MORE: पंजाब में बाढ़ से तबाही, 3.84 लाख लोग प्रभावित, बांध टूटने से खतरा और बढ़ा