Aayudh

Categories

MP Viral Video : 11 हजार लीटर दूध से माँ नर्मदा का दुग्धाभिषेक, वीडियो वायरल होने के बाद छिड़ी बहस

MP Viral Video

MP Viral Video : भोपाल। मध्य प्रदेश की पावन नर्मदा नदी के किनारे एक अनोखा धार्मिक अनुष्ठान किया गया, जिसका वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ड्रोन कैमरे से रिकॉर्ड इस वीडियो में देखा जा सकता है कि नदी के तट पर एक बड़ा टैंकर खड़ा है और उससे दूध को नदी में प्रवाहित किया जा रहा है।

पातालेश्वर महादेव मंदिर के पास का वीडियो

बताया जा रहा है कि यह आयोजन सीहोर जिले के सातदेव क्षेत्र में पातालेश्वर महादेव मंदिर के पास, नर्मदा नदी के उत्तर तट पर हुआ। इस अनुष्ठान का संचालन दादा जी बाबा, जिन्हें शिवानंद दादाजी या धूनीवाले दादाजी के नाम से भी जाना जाता है, के निर्देशन में किया गया। जानकारी के अनुसार, इस दौरान करीब 11,000 लीटर दूध मां नर्मदा को अर्पित किया गया।

यह दुग्धाभिषेक का एक बड़ा रूप था। इससे पहले दादा जी बाबा द्वारा रोजाना 151 लीटर दूध से नर्मदा मां का अभिषेक किया जाता रहा है, लेकिन इस बार का आयोजन अपने बड़े स्तर के कारण चर्चा में आ गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद छिड़ी बहस

वीडियो सामने आने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे आस्था और भक्ति का प्रतीक मान रहे हैं और इसे धार्मिक परंपरा से जोड़कर देख रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह के अनुष्ठान मां नर्मदा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का माध्यम होते हैं।

वहीं दूसरी ओर, कई लोग इस पर नाराजगी भी जता रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने पर्यावरण को लेकर चिंता व्यक्त की है और सवाल उठाए हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में दूध नदी में बहाने के बजाय जरूरतमंद लोगों में बांटा जा सकता था।

एक यूजर ने लिखा कि जहां एक तरफ कई बच्चे दूध के लिए तरसते हैं, वहीं दूसरी ओर हजारों लीटर दूध नदी में बहाया जा रहा है। एक अन्य यूजर ने कहा कि इससे नदी का प्रदूषण बढ़ सकता है और यह पर्यावरण के लिए भी सही नहीं है। कुछ लोगों ने इसे संसाधनों की बर्बादी बताया।

इसके अलावा कुछ यूजर्स ने यह भी सवाल उठाया कि क्या किसी धार्मिक ग्रंथ में इस तरह दूध को नदी में बहाने का उल्लेख है। उनका कहना है कि बिना स्पष्ट आधार के ऐसे आयोजन करना और फिर उसे धर्म से जोड़ना उचित नहीं है।

इस पूरे मामले ने आस्था और पर्यावरण के बीच संतुलन को लेकर एक नई बहस शुरू कर दी है। जहां एक ओर लोग इसे सच्ची भक्ति मान रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इसे व्यावहारिकता और संसाधनों के सही उपयोग के नजरिए से देखा जा रहा है।

यहां देखिये वायरल हो रहा माँ नर्मदा का दुग्धाभिषेक का वीडियो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *