Iran War Update : वॉशिंगटन। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिका की सेना और कूटनीतिक मोर्चे पर बड़े फैसले सामने आए हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने जंग के दौरान सख्त कदम उठाते हुए आर्मी चीफ जनरल रैंडी जॉर्ज समेत तीन वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को पद से हटाने का फैसला किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हटाए गए अधिकारियों में ट्रांसफॉर्मेशन एंड ट्रेनिंग कमांड के चीफ जनरल डेविड होडने और चैपलिन कॉर्प्स के प्रमुख जनरल विलियम ग्रीन जूनियर भी शामिल हैं।
Missed this one:
President Trump: “If the Iran deal doesn’t happen, I’m blaming JD Vance. If it does happen, I’m taking full credit.” pic.twitter.com/DyyGoTYpqO
— Open Source Intel (@Osint613) April 2, 2026
वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (President Donald Trump) ने ईरान के साथ संभावित समझौते को लेकर बयान दिया। उन्होंने व्हाइट हाउस में आयोजित ईस्टर लंच के दौरान मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर समझौता नहीं हुआ तो वे इसका जिम्मेदार उपराष्ट्रपति जेडी वैंस (Vice President JD Vance) को ठहराएंगे, लेकिन अगर समझौता हो गया तो इसका पूरा श्रेय खुद लेंगे।
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर वोटिंग टली
दूसरी ओर, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बहरीन के प्रस्ताव पर होने वाली वोटिंग टाल दी गई है। अब इस पर शनिवार को फैसला लिया जाएगा। इस प्रस्ताव का उद्देश्य होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और वैश्विक बाजार को सुरक्षित बनाए रखना है। बहरीन के विदेश मंत्री ने कहा कि यह कदम दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में रुकावट को रोकने के लिए जरूरी है।
होर्मुज संकट पर ऑनलाइन बैठक
होर्मुज संकट को लेकर ब्रिटेन की पहल पर एक ऑनलाइन बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें 60 से अधिक देशों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में भारत की ओर से विदेश सचिव विक्रम मिसरी शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि इस संकट में अब तक केवल भारत के ही नागरिकों की मौत हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक तीन भारतीय नाविक मारे जा चुके हैं, जो विदेशी जहाजों पर कार्यरत थे।
कुवैत पर बड़ा हमला
इसी बीच कुवैत में शुक्रवार सुबह एक बड़ा ड्रोन हमला हुआ। सरकारी एजेंसी के अनुसार, कुवैत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने पुष्टि की कि मीना अल-अहमदी तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया गया।
हमले के बाद रिफाइनरी की कई यूनिट्स में आग लग गई। फिलहाल आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
वहीं संयुक्त अरब अमीरात में भी ड्रोन हमले का असर देखने को मिला। फुजैराह इलाके में ड्रोन को रोकने के दौरान गिरे मलबे से एक बांग्लादेशी मजदूर की मौत हो गई। इस घटना ने क्षेत्र में बढ़ते खतरे को और स्पष्ट कर दिया है।
Iran War Update : ट्रम्प का ईरान पर जीत का दावा, बोले- सेना हमारे कंट्रोल में, समझौता न किया तो…
ईरान के कई इलाकों में ब्लैकआउट
ईरान ने हाल के हमलों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। तेहरान और करज के आसपास बिजली सुविधाओं पर हमलों के कारण कई इलाकों में ब्लैकआउट हो गया है। ईरान ने इन हमलों को युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ अपराध बताया है।
उनका कहना है कि इससे करीब 9 करोड़ लोगों की जिंदगी प्रभावित हो रही है। साथ ही, ईरान ने साफ किया है कि वह दबाव में आकर किसी भी तरह की बातचीत के लिए मजबूर नहीं होगा।
पुतिन ने की शांति स्थापित करने की पेशकश
इस बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने खाड़ी क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए हर संभव मदद की पेशकश की है। उन्होंने मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलअती के साथ बैठक में कहा कि मौजूदा हालात चिंता का विषय हैं और उम्मीद जताई कि यह संघर्ष जल्द खत्म होगा।
अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराया
इधर, ईरान ने एक और बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसने अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराया है। यह दावा इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़ी फर्स न्यूज एजेंसी ने किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह विमान ईरान के ऊपर उड़ान भर रहा था, तभी उसे निशाना बनाकर गिराया गया। हालांकि, इस दावे पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।