Chhindwara Accident Compensation : छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने दिल्ली दौरे से लौटते ही अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर सीधे छिंदवाड़ा पहुंचकर सड़क हादसे के पीड़ितों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मोहखेड़ तहसील के ग्राम करेर, ग्वारा और झिरिया में पहुंचकर मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके बाद सीएम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना।
मृतकों के परिजनों को 8-8 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 8-8 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसमें 4 लाख रुपये राज्य सरकार की ओर से और 4 लाख रुपये संबल योजना के तहत दिए जाएंगे। वहीं, सभी घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने का भी ऐलान किया गया है।
दिल्ली से लौटते ही लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में व्यस्त कार्यक्रम होने के बावजूद जैसे ही हादसे की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत अपने दौरे रद्द कर दिए। साथ ही प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को भी तत्काल छिंदवाड़ा पहुंचने के निर्देश दिए। इसके अलावा जबलपुर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम को भी तुरंत रवाना किया गया।
पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान सीएम भावुक नजर आए। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
10 लोगों की गई थी जान
गौरतलब है कि गुरुवार शाम छिंदवाड़ा-नागपुर मार्ग पर सिमरिया नाला के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। ग्रामीणों से भरी एक बस पिकअप वाहन से टकरा गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है, जबकि 41 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में बस और पिकअप दोनों के चालकों की भी जान चली गई। घटना के बाद देर रात प्रभारी मंत्री राकेश सिंह अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।





