Dhoni Ruled Out IPL 2026 : मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शुरू होते ही महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) ने शनिवार को जानकारी दी कि धोनी चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती दो सप्ताह में नहीं खेल पाएंगे।
फ्रेंचाइजी के अनुसार, धोनी इस समय पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं, जिसके चलते उनकी शुरुआती मैचों में वापसी की संभावना कम है।
CSK का पहला मुकाबला 30 मार्च को
IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। चेन्नई सुपर किंग्स अपना पहला मुकाबला 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के खिलाफ खेलेगी। ऐसे में टीम को अपने सबसे अनुभवी खिलाड़ी की कमी शुरुआती मैचों में खल सकती है।
धोनी इस साल 45 वर्ष के हो जाएंगे और वे टीम में मौजूद चार विकेटकीपरों में से एक हैं। टीम में उनके अलावा संजू सैमसन (Sanju Samson), कार्तिक शर्मा और उर्विल पटेल भी शामिल हैं। खास बात यह है कि धोनी 278 मैचों के साथ IPL इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं, जो उनकी अनुभव और फिटनेस का बड़ा प्रमाण है।
घुटने की समस्या से भी जूझ रहे धोनी
पिछले कुछ सालों से धोनी घुटने की समस्या से भी जूझ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने टीम के लिए लगातार प्रदर्शन किया है। साल 2023 में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को पांचवां IPL खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी, जो उनके करियर की बड़ी उपलब्धियों में से एक है।
शुरूआती हफ़्तों में CSK के 4 मैच
शुरुआती दो हफ्तों में चेन्नई सुपर किंग्स को कुल चार मैच खेलने हैं। इसमें राजस्थान रॉयल्स के अलावा पंजाब किंग्स (Punjab Kings), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खिलाफ मुकाबले शामिल हैं।
ऐसे में यह लगभग तय माना जा रहा है कि धोनी कम से कम इन चार मैचों से बाहर रह सकते हैं। धोनी की गैरमौजूदगी टीम के लिए चुनौती जरूर होगी, लेकिन फैंस को उम्मीद है कि वह जल्द फिट होकर मैदान पर वापसी करेंगे।
