Jabalpur ROB Collapse : भोपाल। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रविवार शाम नेशनल हाईवे-45 पर रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर बने रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) का एक हिस्सा अचानक ढह गया। यह ब्रिज शहपुरा के पास स्थित है। घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मार्ग को बंद कर दिया और बैरिकेडिंग कर दी, ताकि कोई वाहन क्षतिग्रस्त हिस्से तक न पहुंच सके। नीचे से ट्रेनें गुजरती हैं और ऊपर से भारी ट्रैफिक रहता है, इसलिए सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्या बोले मंत्री राकेश सिंह
PWD मंत्री राकेश सिंह (Rakesh Singh) ने मामले पर बयान देते हुए कहा कि यह ब्रिज मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPRDC) की देखरेख में बना था। निर्माण एजेंसी एक हिस्से पर सुधार कार्य कर रही थी, तभी ब्रिज का एक और हिस्सा ढह गया।
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है और उसके खिलाफ FIR भी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा, “यह घटना नहीं होनी चाहिए थी। जो भी अधिकारी या एजेंसी इसके लिए जिम्मेदार होगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिस अधिकारी की निगरानी में निर्माण हुआ, उस पर भी कड़ी कार्रवाई होगी।” हालांकि फिलहाल अलग से जांच समिति बनाने की आवश्यकता नहीं बताई गई है।
2015 में शुरू हुआ था ब्रिज का निर्माण कार्य
जानकारी के अनुसार, ब्रिज का निर्माण कार्य 2015 में शुरू हुआ था और 2020 में पूरा हुआ। बताया जा रहा है कि यह अभी गारंटी पीरियड में है। इसके निर्माण पर करीब 628.45 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।
दिसंबर में भी ब्रिज का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था, जिसके बाद एक लेन से ही यातायात चल रहा था। अब मरम्मत के दौरान दूसरा हिस्सा भी टूटने से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
Ladli Behna Yojana : लाड़ली बहना योजना को लेकर विधानसभा में जमकर हंगामा अब मिलेंगे 3 हजार
शहपुरा बस्ती मार्ग की ओर ट्रैफिक डायवर्ट
घटना के बाद जबलपुर-भोपाल मार्ग का ट्रैफिक शहपुरा बस्ती मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया है। वैकल्पिक रूट पर केवल हल्के वाहनों को अनुमति दी गई है, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत पूरी होने तक यातायात प्रभावित रहेगा।
वहीं, कांग्रेस के प्रस्तावित आंदोलन पर मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि “दिशाहीन नेतृत्व होने पर ऐसी स्थिति बनती है। मध्य प्रदेश को लगातार कृषि कर्मण पुरस्कार मिला है, यहां तक कि कांग्रेस सरकार के समय भी मिला था। ऐसे प्रदेश में किसानों को लेकर प्रदर्शन की जरूरत नहीं है।”