Bhopal Crime News : भोपाल। राजधानी भोपाल के टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र में एक 10वीं के छात्र पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यह वारदात गणेश चौक स्थित एक स्नूकर क्लब में हुई। घटना 15 फरवरी की बताई जा रही है, जबकि इसका सीसीटीवी फुटेज 22 फरवरी को सामने आया।
ये है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, दो नाबालिग आरोपी फिल्मी अंदाज में क्लब के अंदर घुसे और छात्र पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। महज 30 सेकेंड के भीतर छात्र पर 27 बार वार किए गए। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
10 से ज्यादा गहरे घाव
हमले में छात्र के हाथ पर 10 से ज्यादा गहरे कट लगे हैं और उसकी दो उंगलियां भी कट गई हैं। इसके अलावा कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घायल छात्र को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
थप्पड़ मारने का बदला
बताया जा रहा है कि हमलावर और पीड़ित एक ही कोचिंग में साथ पढ़ते हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में कथित तौर पर थप्पड़ मारने की घटना हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए यह हमला किया गया।
पुलिस ने मामले में साधारण धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।