Nepal Bus Accident : धादिंग। नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस हाईवे से नीचे गिरकर त्रिशूली नदी में समा गई। नेपाली मीडिया के अनुसार इस हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल हैं।
ड्राइवर का नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
यह दुर्घटना रात करीब 1:30 बजे बेनिघाट रोरांग इलाके में हुई। बस (Ga 1 Kha 1421) में कुल 44 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि अचानक ड्राइवर का बस पर नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे वाहन सीधे नदी में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अब तक 17 शव बरामद, बाद में एक और मौत
आर्म्ड पुलिस फोर्स (APF) के अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पहले 17 शव बरामद किए गए थे। बाद में एक घायल यात्री ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई। मृतकों में 12 पुरुष और 6 महिलाएं शामिल हैं। इनमें एक पुरुष और एक महिला विदेशी नागरिक भी बताए जा रहे हैं, हालांकि उनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
बचाव दल ने 26 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को काठमांडू रेफर किया गया है। हादसा देर रात होने के कारण राहत और बचाव कार्य में दिक्कतें आईं, लेकिन सुरक्षा बलों ने स्थानीय लोगों की मदद से अभियान जारी रखा।
School Bomb Threat : आर्मी और एयर फ़ोर्स के स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, जांच शुरू
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल पुलिस इस दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
नेपाल में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
इससे पहले 5 फरवरी को बैतड़ी जिले में बारातियों से भरी बस 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें 13 लोगों की मौत और 34 लोग घायल हुए थे। शुरुआती जांच में ओवरलोडिंग को हादसे की वजह माना गया था। वहीं साल 2024 में लैंडस्लाइड के कारण दो बसें त्रिशूली नदी में बह गई थीं, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी।